Uttar Pradesh

अल-कायदा के इंडियन मॉड्यूल पर ATS का शिकंजा, आजमगढ़ से 19 वर्षीय नबील गिरफ्तार

AQIS Network : उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ से 19 वर्षीय मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है. एटीएस के अनुसार, नबील प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा को सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ग्रुप्स के जरिए फैलाने में सक्रिय था. जांच एजेंसी का दावा है कि वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने, उन्हें जेहाद के लिए तैयार करने और आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने की कोशिश कर रहा था.

एटीएस के मुताबिक, दीदारगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला नबील सोशल मीडिया पर कई एन्क्रिप्टेड ग्रुप से जुड़ा था. इन ग्रुप्स में भारत के अलावा दूसरे देशों के लोग भी शामिल थे. जांच में इन प्लेटफॉर्म के जरिए आतंकी विचारधारा से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने की बात सामने आई है.

नबील के मोबाइल की जांच के दौरान ‘ला गालिब-इलल्लाह’ नाम का व्हाट्सऐप ग्रुप भी मिला. एटीएस का कहना है कि बातचीत में कुछ शब्दों के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाते थे. ‘जेहाद’, ‘चाकू’, ‘केमिकल’ और ‘प्लान’ के लिए क्रमशः ‘ट्रिप’, ‘पेन’, ‘जूस’ और ‘प्रोजेक्ट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है.

कट्टरपंथ फैलाने का आरोप

जांच में ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ और ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ जैसी किताबों का भी जिक्र मिला है. एटीएस के अनुसार, नबील ने इन्हें ग्रुप में साझा किया और सदस्यों से पढ़ने की अपील की.

एटीएस के मुताबिक, नबील पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहा था. ‘फ्लेम्स ऑफ वॉर’ नाम के ग्रुप में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोग भी जुड़े थे. जांच एजेंसी का दावा है कि इस ग्रुप में अलकायदा की विचारधारा से जुड़ी सामग्री साझा होती थी. नबील पर पाकिस्तान की मदद से भारत में हिंसक गतिविधियों और ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना पर काम करने का भी आरोप है.

ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button