Uttar Pradeshवायरल

चुपके से दोस्त सारस से मिलने पहुंचे आरिफ, देखकर खुशी से उछलने लगा सारस

इंसान और पक्षी के बीच मिसाल पेश करने वाली दोस्ती तो आपको याद होगी। इस बहुचर्चित दोस्ताने ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। जी हां हम बात कर रहे हैं राजकीय पक्षी सारस और आरिफ की। बता दें कि शुक्रवार को आरिफ और सारस की मुलाकात का एक और वीडियो सामने आया है। अपने पुराने दोस्त को देखते ही अब भी सारस पहले की तरह ही खुशी से उछलने लगा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसमें दिख रहा है कि सारस आरिफ को देखकर अपने पिंजरे में पंख फैलाकर कूदने लगता है। वहीं सामने खड़े आरिफ ताली बजा रहे हैं।

आपको बता दें कि सारस को इस साल 22 मार्च को आरिफ के घर से वन विभाग की टीम ले गई थी और समसपुर पक्षी विहार में संरक्षित करने के लिए भेज दिया था। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दोनों की दोस्ती की मिसाल को सराहा था और आरिफ की तारीफ की थी। सारस के जाने के बाद सारस के दोस्त आरिफ पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपनी सुध बुध खो बैठे। वहीं उनके परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल हो गया था।

वीडियो में आरिफ कह रहे हैं कि उनका दोस्त सारस पहले से दुबला हो गया है। उन्होंने अंदाजा लगाया कि शायद वो ढंग से खाना नहीं खा रहा है। आरिफ ने कहा कि वो अब भी सारस को आजाद कराने की कोशिश कर रहे हैं। आरिफ का कहना है कि भले ही सारस उन्हें ना मिले लेकिन वो पिंजरे से आजाद हो जाए। इससे पहले आरिफ ने योगी सरकार से भी अपील की थी कि उनके सारस को आजाद कर दिया जाए ताकि उसका जहां मन हो वो वहां जा पाए।

Related Articles

Back to top button