AMU: फिर गोलियों की तड़तडाहट से गूंजा AMU, जेल से छूटे पूर्व छात्र ने कैंपस में की हर्ष फायरिंग

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कल देर रात हुई फायरिंग में डिनर करने जा रहा एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हर्ष फायरिंग के दौरान हुई फायरिंग में छात्र को गोली लगी है। सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस और एएमयू प्रशासन पहुंच गया है। घायल छात्र को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। फायरिंग करने वाले छात्र मौके से फरार हो गए। घटना थाना सिविल लाइन इलाके के एएमयू कैंपस के एसएस नॉर्थ हॉस्टल की है।
दरअसल हमले के एक मुकदमे में एएमयू का एक पूर्व छात्र शोएब जेल से रिहा होकर एसएस नॉर्थ हॉस्टल पहुंचा था। शोएब के जमानत पर बाहर आने पर उसके साथियों ने कल रात हर्ष फायरिंग की। इस दौरान रेहान नामक एक छात्र जो डिनर के लिए जा रहा था उसके गोली लग गई। घायल छात्र रेहान मुरादाबाद के जैतवारा इलाके का रहने वाला है। रेहान के पिता का नाम जाकिर हुसैन है। घायल छात्र से एसएस नॉर्थ हॉस्टल में रहता है और डिनर के लिए डाइनिंग हॉल जा रहा था। कुछ लोग वहां हर्ष फायरिंग कर रहे थे। वहीं रेहान को एक गोली पैर में जाकर लगी। छात्र रेहान बीए अरेबिक फैकल्टी में है।
घायल छात्र का कहना है कि में डाइनिंग के लिए जा रहा था मैंने देखा कि कुछ लड़के आ रहे थे। जिनके बारे में जानता हूं। कोई जेल से छुटकर आया था लड़का और ये इलीगल रहते हैं वहां पर। वह छात्र नहीं है। तो उनके साथ के लड़के थे। यह लोग फायरिंग करते हुए आ रहे थे। में डिनर के लिए जा रहा था मुझे पता नहीं था कि मेरे ऊपर ही हो जाएगी। अचानक से मेरे ऊपर आकर गोली लगी। एसएस नॉर्थ की घटना है।
सीओ राकेश सिसोदिया ने बताया कि एक व्यक्ति के घायल होने का मामला प्रकाश में आया है। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर दिया गया है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। प्रथम दृश्यतया जांच से एक व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग का मामला प्रकाश में आया है जिसके चलते घायल तो गोली लगी है। थाना सिविल लाइन में सुसंगत धाराओं में मुकद्दमा पंजीकृत कर दिया गया है। इसमें दो टीमों का गठन किया गया है।
(अलीगढ से अर्जुन देव वार्ष्णेय की रिर्पोट)
ये भी पढ़ें: Gonda: केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पहुंचे गोंडा, वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल