
Air Pollution: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है। दिन पर दिन हालत खराब होती जा रही है। हर साल की तरह इस वर्ष भी दिवाली से पहले ही दिल्ली की हवा प्रदूषित हो गई है। एक रिपोर्ट में ये दावा किया गया है कि पिछले पांच साल में दिल्ली देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रहा है। इसमें ये भी कहा गया है देश के चार शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ा है। वहीं लखनऊ और पटना में इसमें गिरावट देखी गई है।
एक रिपोर्ट में यह कहा गया कि दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता में अक्टूबर 2023 में पीएम (पार्टिकुलेट मैटर) 2.5 का स्तर एक साल पहले की तुलना में अधिक पाया गया, लेकिन चेन्नई में इसमें 23 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट आठ प्रमुख राज्यों की राजधानियों में 2019 और 2023 के बीच पीएम 2.5 का विश्लेषण कर तैयार की गई है। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ और पटना शामिल है।
लखनऊ-पटना का हाल
रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ और पटना में अक्तूबर का पीएम 2.5 का स्तर 2022 और 2023 के बीच कम हुआ। हालांकि, यह पिछले कुछ वर्षों की तुलना में ज्यादा ही दर्ज किया गया। लखनऊ में 2019 और 2020 के बीच पीएम 2.5 में 55.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 2021 में इसमें 53.4 प्रतिशत की गिरावट आई। 2022 में इसमें फिर से 6.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 2023 में फिर से 0.9 प्रतिशत की गिरावट आई।
मुंबई में लगातार दूषित हो रही हवा
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में 2019 से 2023 तक अक्तूबर का पीएम 2.5 स्तर लगातार बढ़ा। यह वायु गुणवत्ता में गिरावट का संकेत है। मुंबई में पिछले महीने एक साल पहले अक्तूबर की तुलना में प्रदूषण 42 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया। पहले के वर्षों में पीएम 2.5 2019 और 2020 के बीच बढ़ा (54.2 प्रतिशत) और 2021 (3 प्रतिशत) व 2022 (0.9 प्रतिशत) में थोड़ा कम हुआ।
ये भी पढ़ें:Delhi Pollution: दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 400 से पार, 5 वीं तक की कक्षाएं दो दिनों के लिए बंद