Delhi NCRराजनीति

आम आदमी पार्टी जंतर मंतर पर विशाल जनसभा कर बेहाल दिल्ली की जनता की आवाज उठाएगी- सौरभ भारद्वाज

Aam Aadmi Party : आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ‘दिल्ली बेहाल जनसंवाद’ कैंपेन के तहत रविवार को चिराग दिल्ली में बड़ी सभा कर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। दिल्ली में हर मंडल पर “दिल्ली बेहाल जन संवाद” चल रहे है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है फिर भी दिल्लीवाले बेहाल हैं। सरकार के एक साल बीत गए, लेकिन न महिलाओं को 2500 रुपए मिले और ना ही बस मार्शलों को पक्की नौकरी मिली। रेखा गुप्ता सरकार ने सिर्फ प्रदूषण कम करने, नकली यमुना बनाने और 370 मोहल्ला क्लीनिकों का नाम आरोग्य मंदिर करने का फर्जीवाड़ा किया।

इन्होंने मोहल्ला क्लीनिकों को बंद कर हजारों युवाओं को बेरोजगार कर दिया और अब 6 हजार बस कंडक्टरों को निकाल रहे हैं। एक मार्च को आम आदमी पार्टी जंतर मंतर पर विशाल जनसभा कर बेहाल दिल्ली की जनता की आवाज उठाएगी।

भाजपा ने आम और गरीब लोगों को बेवकूफ बनाया

चिराग दिल्ली में ‘दिल्ली बेहाल जन संवाद’ के दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा शुरू से ही सेठ-साहूकारों और बड़े-बड़े धन्नासेठों की पार्टी रही है। ये लोग चुनाव के समय ही गरीबों के बीच आते हैं, झुग्गियों में रोटी खाते हैं और कैरम बोर्ड खेलते हैं। गरीब आदमी भोला होता है और इनकी बातों में आकर बेवकूफ बन जाता है। इस बार दिल्ली चुनाव में भाजपा ने आम और गरीब लोगों को बेवकूफ बनाया और 27 साल बाद इनकी दिल्ली में सरकार बन गई। ‘‘आप’’ सरकार ने बड़ी मुश्किल से गांवों के लिए जो सुविधाएं बनवाई थीं, भाजपा ने आते ही उन्हें छीन लीं। गांवों व कस्बों में यह सोचकर डिस्पेंसरी बनवाई गई ताकि गरीबों और बुजुर्गों को आसानी से इलाज मिल सके।

मोहल्ला क्लीनिकों को बंद कर रही सरकार

सौरभ भारद्वाज ने शेख सराय में पानी टंकी के नीचे बनाए गए मोहल्ला क्लीनिक में सबसे ज्यादा गांव की महिलाएं इलाज के लिए आती थीं। महिलाएं पैसे व समय की कमी के कारण डॉक्टर के पास नहीं जा पातीं हैं। ऐसे में मोहल्ला क्लीनिक में डायबिटीज, थायरॉइड और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों के फ्री टेस्ट और फ्री दवाइयां मिलने से उन्हें बहुत सुविधा हुई थी। लेकिन भाजपा की सीएम रेखा गुप्ता एक- एक कर मोहल्ला क्लीनिकों को बंद कर रही है। सीएम ने 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने का झूठा दावा कर रही हैं।

गांव का आदमी सच्चाई जानता है

असलियत में उन्होंने अरविंद केजरीवाल के समय बनी डिस्पेंसरियों की रंगाई पुताई कर उस पर आरोग्य मंदिर लिखवा दिया है। यह खुल्लम-खुल्ला फर्जीवाड़ा और फ्रॉड है। कोठियों में रहने वाला आदमी सोचता है कि रेखा गुप्ता बहुत अच्छा काम कर रही हैं, लेकिन गांव का आदमी सच्चाई जानता है, क्योंकि वह धरातल पर सब देख रहा है। भाजपा ने एक साल में गांव के लिए कोई काम नहीं किया है। सीवर, चौपाल, सड़क के काम ‘‘आप’’ सरकार में पास कराए गए बजट से हो रहे हैं।

रेहड़ी पटरी वालों को भर रहे थे बसों में

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि पिछले 8-9 सालों से ‘‘आप’’ सरकार दिल्ली के 360 गांवों के लिए शाहपुर जट गांव में एक शाहपुर जट फेस्टिवल करवाती थी। इसमें गांव के बुजुर्ग भी फैशन शो करते थे। लेकिन भाजपा की विधायक ने यह फेस्टिवल बंद करवा दिया और उसे गांव से उठाकर ग्रेटर कैलाश की कोठियों में ले गईं। भाजपा को लगता है कि फेस्टिवल का हक सिर्फ कोठियों वालों को है, गांव वालों को नहीं। इस फेस्टिवल में कोई आना नहीं चाहता है। शनिवार को भाजपा वाले फेस्टिवल में ले जाने के लिए रेहड़ी पटरी वालों को बसों में भर रहे थे। लोगों ने बताया कि उन्हें धमकी दी गई थी कि अगर बस में बैठकर नहीं गए, तो रेहड़ी-पटरी नहीं लगाने दी जाएगी।

चुनाव के बाद गायब हुए प्रधानमंत्री

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की महिलाओं को गारंटी दी थी कि चुनाव जीतते ही मार्च से हर महिलाओं के खाते में 2500 रुपए आएंगे। लेकिन किसी भी महिला को 2500 रुपए नहीं मिले। भाजपा वालों की बात कोई नहीं मानता क्योंकि सब जानते हैं कि वे झूठे हैं। इसीलिए प्रधानमंत्री मोदी खुद मैदान में उतरे थे। लेकिन चुनाव के बाद वे भी गायब हो गए। किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह प्रधानमंत्री से 2500 रुपयों के बारे में पूछ सके। जो सवाल पूछेगा, उसके यहां ईडी और सीबीआई का छापा पड़ जाएगा और उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यमुना साफ होने के फर्जी इंटरव्यू दिए

सौरभ भारद्वाज ने प्रदूषण और यमुना सफाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि छठ पूजा पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खूब इंटरव्यू दिए कि उन्होंने आठ महीने में यमुना साफ कर दी है, जो काम अरविंद केजरीवाल 10 साल में नहीं कर पाए। लेकिन बाद में इनकी पोल खुल गई कि इन्होंने नकली यमुना बनाई थी। दिल्ली में कई दिनों तक पीने का पानी इसलिए नहीं आया क्योंकि पानी के पाइप से उस नकली यमुना को भरा गया था, ताकि यमुना साफ होने के फर्जी इंटरव्यू दिए जा सकें। इसी तरह भाजपा सरकार ने प्रदूषण मापने वाले मीटर बंद कर दिए और जो चालू थे, उन पर दिन-रात पानी का छिड़काव किया, ताकि प्रदूषण का स्तर कम दिखे। आम आदमी पार्टी ने भाजपा की यह चोरी भी खुल्लम-खुल्ला पकड़ी।

6000 डीटीसी बस कंडक्टरों को निकाला

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने करीब 250 मोहल्ला क्लीनिक बंद करके वहां काम करने वाले फार्मासिस्ट, नर्स, सैंपल कलेक्टर, सफाई कर्मचारी और डॉक्टरों को नौकरी से निकाल दिया। सरकारी अस्पतालों से डेटा एंट्री ऑपरेटरों को निकाल दिया गया, जिससे हजारों युवा बेरोजगार हो गए। 6000 डीटीसी बस कंडक्टरों को भी निकाल दिया गया है। सीएम रोज नई बसें लाने का दावा कर रही हैं। अगर नई बसें आ रही हैं, तो नए कंडक्टरों की भर्ती होनी चाहिए। उन्हें निकालने की क्या जरूरत है।

60 दिन के भीतर दी जाएगी पक्की नौकरी

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली “आप” सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए करीब 10,000 बस मार्शल नियुक्त किए थे। लेकिन एलजी ने पहले उन्हें निकाला और फिर उन्हें ब्लैकमेल करते हुए वादा किया कि अगर भाजपा जीती, तो 60 दिन के भीतर उन्हें पक्की नौकरी दी जाएगी। बस मार्शलों ने भाजपा का प्रचार किया और उन्हें जिताया, लेकिन जीतने के बाद भाजपा ने उनसे बात करना भी बंद कर दिया और किसी को पक्की नौकरी नहीं दी गई।

बाबा साहब अंबेडकर और संत रविदास जी की फोटो

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा वाले विराट हिंदू सम्मेलन करा रहे हैं, लेकिन खुद करा रहे हैं, यह नहीं बता रहे हैं। भाजपा वालों को पता है कि उनके नेताओं के नाम पर लोग इकट्ठा नहीं होते हैं। इसलिए सम्मेलन के पोस्टरों पर अपनी फोटो लगाने के बजाय बाबा साहब अंबेडकर और संत रविदास जी की फोटो लगाई, ताकि लोग आएं। उन्होंने पूछा कि जब चिराग दिल्ली में रामलीला बंद कराई गई थी, तब ये लोग कहां थे?

दीवार बनवा दी ताकि रामलीला न हो सके

भाजपा के लोग धर्म के नाम पर हिंदुओं को लूटते हैं और साल में एक बार रामलीला कराकर पूरे साल उसका पैसा खाते हैं। जब आम आदमी पार्टी ने सस्ती रामलीला शुरू की, तो भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और एलजी इसके पीछे पड़ गए। एलजी ने रामलीला की जगह पर रातों-रात पेड़ लगवा दिए और डीडीए ने दीवार बनवा दी ताकि रामलीला न हो सके। भाजपा वाले हिंदू नहीं हैं, बल्कि हिंदुओं के नाम पर सिर्फ धंधा करते हैं और लोगों को लूटते हैं।

हम एफआईआर से डरने वाले नहीं

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में चार इंजन की सरकार (केंद्र, एलजी, दिल्ली सरकार और एमसीडी) है, फिर भी इस साल जनवरी के पहले 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग लापता हो गए। इसमें कई नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। यह मुद्दा उठाने पर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की धमकी देती है। लेकिन हम एफआईआर से डरने वाले नहीं हैं। हम पर पहले ही ईडी, आर्थिक अपराध शाखा, दिल्ली पुलिस और एसीबी की एफआईआर हो चुकी हैं। दिल्ली पुलिस इस खबर को दबाना चाहती है। जिसका मतलब है कि पुलिस और भाजपा सरकार की बच्चा चुराने वाले गिरोहों के साथ साठगांठ है। जबकि पुलिस को पोस्टर छपवा कर लोगों को जागरूक करना चाहिए था।

एपस्टीन केस में हरदीप सिंह पुरी का नाम

सौरभ भारद्वाज ने अमेरिका के एपस्टीन मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छोटी बच्चियों को बड़े राजनेताओं और उद्योगपतियों के पास भेजा जाता था, जिसमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम की भी चर्चा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों (लड़के-लड़कियां) का ध्यान रखें और कोई भी बच्चा गायब हो तो तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं। यदि पुलिस रिपोर्ट दर्ज न करे, तो आम आदमी पार्टी को बताएं।

बढ़ी हुई फीस नहीं दे पा रहे माता-पिता

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही एपीजे, इंडियन स्कूल, बीपीएस जैसे कई प्राइवेट स्कूलों ने फीस में 20 से 80 फीसदी तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। जो माता-पिता बढ़ी हुई फीस नहीं दे पा रहे हैं, उनके बच्चों को प्रताड़ित किया जा रहा है, उन्हें लाइब्रेरी में बैठा दिया जाता है और उनके एडमिट कार्ड रोके जा रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार चुप है।

490 करोड़ रुपए का जुर्माना

2020 में “आप” सरकार ने मनमानी करने वाले एपीजे के स्कूलों को सील कराया था और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज न करने वाले निजी अस्पतालों (जैसे मैक्स, पीएसआरआई, एस्कॉर्ट्स) पर 490 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया था। इसके बाद अस्पतालों ने गरीबों का इलाज शुरू किया था, लेकिन अब भाजपा सरकार आते ही उन्होंने फिर से गरीबों का मुफ्त इलाज बंद कर दिया है।

भाजपा को गरीबों से नफरत

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली में 8 लाख गरीब लोगों के राशन कार्ड रद्द कर दिए हैं। 25,000 विधवाओं और हजारों बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी है। क्योंकि भाजपा को गरीबों से नफरत है। वे गरीबों की झुग्गियों और मकानों पर बुलडोजर चला रहे हैं और अमीरों के साथ बैठकर डांस कर रहे हैं।

गुंडागर्दी करते हुए गरीबों के मकान तोड़े

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले 10 सालों में जब भी किसी गरीब आदमी ने अपने रहने के लिए मकान बनाया और एमसीडी तोड़ने आई, तो आम आदमी पार्टी ने खड़े होकर एमसीडी को रोका और किसी के मकान पर हथौड़ा नहीं चलने दिया। चुनाव से ठीक पहले जब एमसीडी के लोग शाहपुर जट में गुंडागर्दी करते हुए गरीबों के मकान तोड़ने जेसीबी लेकर आए थे, तो चुनाव के बीच में वहां जाकर मैंने उन्हें भगाया था। भाजपा वाले कभी किसी जायज काम या गरीब के नुकसान के समय इकट्ठे नहीं होते, लेकिन जब ग्रेटर कैलाश के बिल्डर की अवैध बिल्डिंग की बात आती है, तो वे छाती पीटते हैं।

भाजपा इसी तरह के काम के लिए सत्ता में आई

सौरभ भारद्वाज ने सवाल किया कि क्या ग्रेटर कैलाश में जगह कम पड़ गई है जो वे गांव को लूट- खसोट का अड्डा बना रहे हैं? अब उनकी मंशा यह है कि इस झुकी हुई और खतरनाक बिल्डिंग के फ्लैट किसी गरीब आदमी को बेचकर वे भाग जाएं और जब बिल्डिंग गिरेगी तब गिरेगी। भाजपा इसी तरह के काम करने के लिए सत्ता में आई है। वे हर जगह गरीब को निचोड़ रहे हैं, उनकी पेंशन काट रहे हैं, राशन कार्ड रद्द कर रहे हैं, मोहल्ला क्लीनिक बंद कर रहे हैं और स्कूलों की फीस बढ़ा रहे हैं। इनकी लूट हर जगह जारी है।

ये भी पढ़ें- Child Abuse Case : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर कुकर्म के गंभीर आरोप, मामला दर्ज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button