Uttar Pradesh

UP चुनाव 2027: सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का ऑफर, गठबंधन पर फंसेगी बात?

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. दोनों दलों ने सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है, लेकिन शुरुआती प्रस्ताव से ही दोनों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अंतर दिखाई देने लगा है. सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के सामने 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, कांग्रेस इससे कहीं अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है.

सूत्रों के अनुसार, सपा के प्रस्ताव में छह ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन बेहतर रहा था. इनमें रामपुर खास और फरेंदा सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. वहीं, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी.

26 सीटों पर सपा-कांग्रेस में बातचीत

इनके अलावा बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट सीटें भी प्रस्तावित सूची में बताई जा रही हैं.

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा को 130 विधानसभा सीटों की सूची दी थी. इसके जवाब में सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा और बाकी सीटों पर कांग्रेस से जीत की संभावनाओं तथा संभावित उम्मीदवारों का ब्योरा मांगा है. सपा जानना चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां उसकी चुनावी स्थिति कितनी मजबूत है.

100 से कम सीटों पर तैयार नहीं कांग्रेस

दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी मांग कम करने के मूड में नहीं दिख रही है. पार्टी का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की लगातार सक्रियता से उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूती मिली है. लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें चाहती है.

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस 145 सीटों से बातचीत शुरू करना चाहती है और संख्या में कुछ बदलाव के लिए तैयार है, लेकिन 100 से कम सीटों पर सहमति बनना मुश्किल है. पार्टी 50 से कम सीटों को सम्मानजनक बंटवारा नहीं मान रही है. फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और सीटों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन का सीटों वाला गणित काफी अहम होने जा रहा है.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button