Nasha Mukt Bharat Abhiyan : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को पूर्ण समर्थन देते हुए वरिष्ठ टीवी पत्रकार अतुल अग्रवाल ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखने की शपथ ली है। ‘बांदा गौरव सम्मान समारोह’ के मंच से, कई भाजपा जनप्रतिनिधियों और गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में अग्रवाल ने कहा कि चाहे कितनी भी बार गिरफ्तारी देनी पड़े लेकिन नशे के विरुद्ध उनकी लड़ाई अनवरत जारी रहेगी।
लिविंग इंडिया न्यूज़, हिन्दी ख़बर, टब्बर हिट्स और पंजाबी हिट्स जैसे सैटेलाइट टीवी चैनलों के एमडी तथा प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल लंबे समय से नशे के बढ़ते कारोबार और युवा पीढ़ी पर उसके दुष्प्रभावों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
‘उड़ता हरियाणा’ की खबरों के बाद गिरफ्तारी और थर्ड डिग्री टॉर्चर
अतुल अग्रवाल के नेतृत्व में लिविंग इंडिया न्यूज़ और हिन्दी ख़बर प्रसारित चर्चित न्यूज़ सीरीज ‘उड़ता हरियाणा’ के माध्यम से हरियाणा में ‘बढ़ता नशा, फंसता युवा’ जैसे संवेदनशील मुद्दों को उजागर किया गया था। इन खबरों के प्रसारण के बाद कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक झूठी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर दो महिला पत्रकारों, सीईओ, संपादक और प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड में एमडी अतुल अग्रवाल, ग्रुप इनपुट एडिटर सौरभ उपाध्याय तथा सीईओ मनीष अग्रवाल को ‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ का सामना करना पड़ा। इस घटनाक्रम के बावजूद अतुल अग्रवाल ने अपनी बेबाक पत्रकारिता से पीछे हटने के बजाय नशे के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया।
बांदा गौरव सम्मान के मंच से दिया बड़ा संदेश
गायत्री नगर स्थित मां शारदा पैलेस में आयोजित समारोह में अतुल अग्रवाल ने नशा मुक्त भारत अभियान को समर्थन देकर अपनी आगामी रणनीति के संकेत भी दे दिए। उनका संकल्प स्पष्ट करता है कि नशे के खिलाफ जनजागरण और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाने की मुहिम उनके पत्रकारिता अभियान का प्रमुख हिस्सा बनी रहेगी।
बुंदेलखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज झांसी, बांदा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक और रेयांश सॉल्यूशन बांदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में कला, शिक्षा, समाजसेवा, खेल, प्रशासन और साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
एक बार फिर सार्वजनिक मंच से आवाज बुलंद की
बांदा की धरती से अतुल अग्रवाल का यह संकल्प इसलिए महत्वपूर्ण है कि नशे के खिलाफ खबरें दिखाने के कारण गिरफ्तारी और पुलिस प्रताड़ना का सामना करने के अपने अनुभवों के बावजूद उन्होंने उसी मुद्दे पर एक बार फिर सार्वजनिक मंच से आवाज बुलंद की है।
‘उड़ता हरियाणा’ से ‘नशा मुक्त भारत’ तक—अतुल अग्रवाल ने स्पष्ट कर दिया है कि परिस्थितियां चाहे जितनी चुनौतीपूर्ण हों, नशे के खिलाफ उनकी कलम और कैमरा खामोश नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें- सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 26 जनवरी तक 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









