Uttar Pradesh

UP में आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, कई जिलों में छाएगा कोहरा

UP Weather : उत्तर प्रदेश में सर्दी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम में इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में तापमान पर भी दिखाई देगा. वहीं, पूर्वांचल में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध और हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, बिजनौर और मेरठ में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं, 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. नोएडा और गाजियाबाद समेत 13 जिलों में बारिश की बौछारें पड़ने का अनुमान है.

दिन में निकलेगी धूप

प्रदेश के पूर्वांचल संभाग में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलने से मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है.

लखनऊ में 200 मीटर तक रह सकती है दृश्यता

राजधानी लखनऊ में भी सुबह धुंध छाए रहने का अनुमान है. इस दौरान दृश्यता घटकर करीब 200 मीटर तक पहुंच सकती है. हालांकि, दिन में मौसम साफ होने के साथ धूप निकलेगी. बाराबंकी, सीतापुर, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या में भी सुबह छिछला से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. पूर्वांचल में 18 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ : न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हराया, वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button