Vijay Bajia Murder Case : राजस्थान की राजधानी जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. करधनी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों को हिरासत में लिया. वहीं, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है.
यह वारदात बुधवार रात करधनी इलाके में हुई थी. जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने पहले विजय बाजिया की कार को पिकअप वाहन से टक्कर मारकर रुकवा दिया. इसके बाद विजय कार से बाहर निकलकर भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया. आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उस पर कई वार किए, जिससे उसकी हत्या हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए थे.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बनाई विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई. एसीपी शिव कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रातभर दबिश और तलाश अभियान चलाया. इसी कार्रवाई के दौरान गुरुवार सुबह करीब 3 बजे चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
शाम को पुलिस करेगी पूरे मामले का खुलासा
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हत्याकांड से जुड़े बाकी बदमाशों तक पहुंचने में जुटी है. वारदात के पीछे की वजह क्या थी, गिरफ्तार आरोपियों की इसमें क्या भूमिका रही और कितने लोग इस साजिश में शामिल थे, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की आगामी प्रेस ब्रीफिंग में सामने आने की उम्मीद है. पुलिस शाम को पूरे मामले का खुलासा करेगी.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









