Mohammed Shami Retirement : भारतीय क्रिकेट के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 6 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 39 मिनट पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी. उनके इस ऐलान से क्रिकेट फैंस हैरान रह गए. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि शमी ने आधी रात के करीब ही संन्यास का ऐलान क्यों किया? दरअसल, इसके पीछे 6 नवंबर की तारीख का एक खास कनेक्शन माना जा रहा है.
6 नवंबर की तारीख मोहम्मद शमी के क्रिकेट करियर में बेहद खास रही है, उन्होंने 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था. यानी इसी दिन उन्होंने पहली बार भारतीय टेस्ट टीम की सफेद जर्सी पहनी थी.
अब अपने टेस्ट डेब्यू के ठीक 13 साल बाद 6 नवंबर 2026 को ही उन्होंने इस प्रारूप से संन्यास का ऐलान कर दिया. यही वजह है कि उनके फैसले को इस खास तारीख से जोड़कर देखा जा रहा है.
टेस्ट क्रिकेट में ऐसा रहा शमी का प्रदर्शन
मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में 64 मुकाबले खेले और कुल 229 विकेट अपने नाम किए. वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 12वें स्थान पर रहे. वहीं, तेज गेंदबाजों की सूची में उनका स्थान छठा रहा.
संन्यास के ऐलान पर क्या बोले शमी?
अपने भावुक संदेश में शमी ने लिखा कि वह सफेद जर्सी को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन उससे जुड़ी यादों को कभी नहीं भूलेंगे. पहली बार भारतीय टेस्ट जर्सी पहनने से लेकर हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी तक का सफर उनके लिए जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है.
उन्होंने अपने साथियों, कोच, परिवार और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया. इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल को भी उनके टैलेंट पर भरोसा जताने और मौके देने के लिए धन्यवाद दिया.
शमी ने अपने संदेश में कहा कि मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद भले ही फेंकी जा चुकी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा.
ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









