क्राइम

बेंगलुरु में 7 हत्याओं से सनसनी, कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत परिवार के 6 लोगों की हत्या का आरोप

Bengaluru Crime News : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सात लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी की पहचान इंदु शेखर के रूप में की है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव को इस वारदात की वजह माना जा रहा है. राजाजीनगर से जुड़े इस मामले का खुलासा गुरुवार देर रात पूछताछ के दौरान हुआ.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी सुनीता से नाराज रहता था. उसे लगता था कि पत्नी अपने मायके वालों की बात ज्यादा मानती है. जब भी वह अपनी सास और सालों से पत्नी की शिकायत करता था, तो वे सुनीता का पक्ष लेते थे. इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी बढ़ती गई.

पार्टी के बहाने सालों को बुलाया

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मृतकों में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रुपवती, दो साले शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियां दिव्या और नलिनी तथा शिवकुमार का सात वर्षीय बेटा पुनीत शामिल हैं.

आरोप है कि इंदु शेखर ने सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की. इसके बाद उसने पार्टी के बहाने दोनों सालों को घर बुलाया और उनकी भी हत्या कर दी. फिर परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया. पुलिस को शक है कि वारदात में सिलबट्टे का इस्तेमाल किया गया, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है.

कार में शव रखकर अलग-अलग जगह फेंकने का शक

जांच में आशंका जताई गई है कि हत्या के बाद आरोपी ने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया. घटनास्थल से खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल के इस्तेमाल का भी शक है.

गुमशुदगी की शिकायत से खुला राज

इस मामले का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ. पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया. सख्ती से पूछताछ करने पर सात हत्याओं की बात सामने आई.

पुलिस के अनुसार, अब तक केवल सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद हुआ है. नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाकर उसका शव खोजा गया. बाकी छह शवों की तलाश जारी है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button