Delhi News : देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. दमकल विभाग ने कम से कम 15 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई है.
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर गली सत्तारा स्थित शीश महल में मेट्रो स्टेशन के सामने इमारत गिरने की सूचना मिली. इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. शुरुआती कार्रवाई के बाद बचाव अभियान में अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और अधिकारी लगाए गए. फिलहाल दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
हादसे के वक्त कई लोग कर रहे थे काम
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और सुबह करीब 10 बजे अचानक पूरी संरचना ढह गई. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां कई लोग काम कर रहे थे. हालांकि, प्रभावित लोगों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
चावड़ी बाजार की गलियां काफी संकरी हैं, जिसकी वजह से राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है. इसके बावजूद पुलिस, दमकलकर्मी और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं. फिलहाल प्राथमिकता इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है.
पहले भी इमारत गिरने से गई थीं 7 लोगों की जान
दिल्ली में इमारत ढहने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हुई थी. उस इमारत में पीजी संचालित हो रहा था और मृतकों में ज्यादातर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र थे. उस घटना के बाद असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने का अभियान भी चलाया गया था. अब चावड़ी बाजार में हुए इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की सुरक्षा और संबंधित एजेंसियों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









