Punjab News : पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल की तैयारियों की समीक्षा की. इस संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की और आयोजन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया.
यह तीन दिवसीय आयोजन 13 से 15 नवंबर 2026 तक चंडीगढ़ के सेक्टर-5 स्थित लेक क्लब में आयोजित किया जाएगा. बैठक के दौरान मंत्री ने पूर्व सैनिकों से जुड़े कल्याणकारी मामलों की भी समीक्षा की, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं और उनके कल्याण से संबंधित मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जाए.
सैनिकों के बलिदान को किया जाएगा प्रदर्शित
मोहिंदर भगत ने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पंजाब सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जा रहा है. चंडीगढ़ प्रशासन, हेडक्वार्टर वेस्टर्न कमांड और अन्य भागीदार संस्थाओं के साथ मिलकर इस कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं.
उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेस्टिवल की थीम ‘पंजाब और भारत के युवाओं की सेवा का एक दशक’ रखी गई है. इसके माध्यम से देश की सैन्य विरासत, सशस्त्र बलों की वीरता और सैनिकों के बलिदान को सामने लाया जाएगा.
देशभक्ति और नेतृत्व के लिए प्रेरित करना
मंत्री के मुताबिक, फेस्टिवल में कई शैक्षिक, जानकारीपूर्ण और रोचक गतिविधियां आयोजित होंगी. इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी को भारत के सैन्य इतिहास से जोड़ना और उन्हें साहस, देशभक्ति, नेतृत्व तथा बलिदान की भावना से प्रेरित करना है.
उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन में विद्यार्थी, युवा, पूर्व सैनिक, रक्षा मामलों में रुचि रखने वाले लोग और आम नागरिक बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे. आम लोगों के लिए फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







