Punjab

CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, पंजाब में बनेंगे 3,100 खेल मैदान, 51 लाख रुपये से गांव मौड़ां में होंगे विकास कार्य

Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इन पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों ने लंबे समय तक सत्ता में रहकर पंजाब को लूटा और लोगों के साथ धोखा किया, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार विकास, रोजगार के अवसर और स्वच्छ शासन के दम पर आगामी चुनावों में भी जनता का जनादेश हासिल करेगी.

मुख्यमंत्री संगरूर के दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव मौड़ां में नवनिर्मित खेल मैदान का उद्घाटन करने के बाद आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने गांव में विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की और चेक भी सौंपा.

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने सत्ता और निजी हितों को प्राथमिकता दी, जबकि उनकी सरकार सड़कों, स्कूलों, सीवरेज व्यवस्था, खेल सुविधाओं और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रही है, उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने का एक-एक पैसा लोगों की भलाई पर खर्च किया जा रहा है.

अकाली दल के BJP से गठबंधन पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अकाली दल की बीजेपी के साथ गठबंधन करने की कोशिशों पर सवाल उठाए, उन्होंने दिल्ली की सीमाओं पर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान 750 किसानों ने अपनी जान गंवाई थी, उन्होंने कहा कि अकाली दल उस समय केंद्र की सत्ता में शामिल था और अब बीजेपी के साथ गठबंधन करने के लिए उतावला है. भगवंत मान ने कहा कि अगर दोनों पार्टियां साथ आती हैं तो पंजाब के लोग चुनाव में उन्हें जवाब देंगे.

उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल पर पंजाब के हितों के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता इन पार्टियों के पुराने कार्यकाल और उनके कामों को भूली नहीं है.

70 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां देने का दावा

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बिना भ्रष्टाचार के योग्य युवाओं को 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं. इसके अलावा पंजाब में निवेश के जरिए छह लाख से अधिक अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा किए गए हैं, उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा माहौल तैयार कर रही है, जिसमें युवाओं को रोजगार के लिए अपनी मातृभूमि छोड़कर दूसरे देशों में न जाना पड़े.

पंजाब में 3,100 खेल मैदान बनाने की तैयारी

खेल सुविधाओं का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि प्रदेश में 3,100 खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं की ऊर्जा को खेलों की ओर लगाया जा सके और उन्हें नशों से दूर रखा जा सके, उन्होंने कहा कि पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी दिशा में एक कदम है. सरकार चाहती है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएं.

90 प्रतिशत से ज्यादा घरों को मुफ्त बिजली का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है. किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, उन्होंने टोल प्लाजा बंद करने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को प्रतिदिन करीब 70 लाख रुपये की बचत हो रही है. इसके अलावा सरकार सड़कों, सरकारी इमारतों और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है, उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 45 हजार किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और सुधार का काम किया जा रहा है.

स्वास्थ्य और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के बारे में बताया कि इसके तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने का प्रावधान है, उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण किसी परिवार का इलाज न रुकने देना है.

वहीं, मावां-धियां सत्कार योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये देने की बात कही. मुख्यमंत्री के मुताबिक, सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी. इससे पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है. योजना के लिए सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.

882 विद्यार्थियों ने पास की NEET परीक्षा

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के 80 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा पास की थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 882 हो गई है, उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण, स्कूल ऑफ एमिनेंस और शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं.

भगवंत मान ने कहा कि शिक्षा गरीबी और सामाजिक असमानता को दूर करने का प्रभावी माध्यम है. सरकार का प्रयास है कि आम परिवारों के बच्चों को भी अच्छे संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के बराबर अवसर मिलें.

1,587 गांवों तक पहुंचा नहरी पानी

नहरी सिंचाई के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में पहली बार 1,587 गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाया गया है, जहां पहले यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी, उन्होंने कहा कि नहरी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2022 में राज्य की 20.89 लाख एकड़ भूमि को नहरी पानी मिलता था, जो अब बढ़कर 60.30 लाख एकड़ हो गया है. वहीं, नहरी सिंचाई का दायरा 26 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है.

अंत में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के लोगों के अधिकारों, सम्मान और अगली पीढ़ी के भविष्य के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर की खुशहाली और हर गांव का विकास सुनिश्चित करते हुए पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना है.

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button