Political News : दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह रैली के जरिए अपनी राजनीति चमकाने और देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. नड्डा ने 1 नवंबर को रैली आयोजित करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए काला दिवस है.
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने सिख समाज से माफी नहीं मांगी और वह समुदाय के जख्मों पर नमक रगड़ रही है, उन्होंने कांग्रेस के इतिहास पर भी निशाना साधा. नड्डा ने दावा किया कि इस रैली से 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान होगा, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद दिल्ली को पंगु बनाना और राजधानी में अराजकता फैलाना है. साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में रिजीम चेंज का एजेंडा नहीं चलेगा.
INDIA गठबंधन के विरोध में BJP का मार्च
दूसरी ओर, INDIA गठबंधन की रैली के विरोध में बीजेपी ने भी दिल्ली में मार्च निकाला है. यह मार्च हरि नगर बस डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक आयोजित किया गया. करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्च की शुरुआत सुबह 11:30 बजे हुई.
मार्च में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा और बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज के शामिल होने की जानकारी दी गई. मार्च का नेतृत्व हरदीप सिंह पुरी करेंगे. इससे पहले बीजेपी सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में दंगा पीड़ित परिवारों के साथ मीडिया को संबोधित करेंगे.
दोनों आयोजनों को देखते हुए राजधानी में करीब 10 हजार अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं. वहीं, रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में 4 हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









