विदेश

चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, तिब्बत में 16 लोगों की मौत, राहत अभियान जारी

China Earthquake : चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, तीनों देशों में भूकंप की तीव्रता 4.1 से 4.9 के बीच दर्ज की गई. वहीं, चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार शाम आए 7 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 लोग घायल हुए हैं.

NCS के मुताबिक, पाकिस्तान में शुक्रवार सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र 28.919 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 64.678 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. भूकंप की गहराई 15 किलोमीटर दर्ज की गई. चीन में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था. वहीं, अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए. यहां भूकंप की गहराई 25 किलोमीटर दर्ज की गई.

तिब्बत के नागकू शहर में आए 7 तीव्रता के भूकंप से सैकड़ों घर ढह गए. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 339 घर और 20 पशु शेड क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं. राहत और बचाव कार्य के लिए 1,600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया है. प्रभावित इलाकों में 1,000 अस्थायी घर, करीब 3,000 टेंट, फोल्डिंग बेड, टॉर्च और सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले कपड़े भेजे गए हैं.

बर्फबारी से बढ़ सकती हैं मुश्किलें

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, भूकंप के कारण कुछ इलाकों में संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है. चट्टानें खिसकने से राष्ट्रीय राजमार्ग 317 का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है. फिलहाल इस रास्ते पर केवल आपातकालीन और राहत-बचाव वाहनों को अनुमति दी जा रही है.

प्रभावित क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे बचाव कार्य में परेशानी बढ़ सकती है. चीन के सरकारी प्रसारक CCTV के अनुसार, यह पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में आया सबसे बड़ा भूकंप है.

ये भी पढ़ें- अगर 2027 में गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई, तो वह फ्री बिजली, ₹10 लाख का हेल्थ कवर और महिलाओं की वित्तीय मदद छीन लेगी- अमन अरोड़ा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button