CJP Leaders Summoned : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को तिहाड़ जेल से रिहाई मिलने के बाद अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने समन जारी किया है. दोनों नेताओं को आज राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में दोपहर 12 बजे पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है. पुलिस उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी.
इससे पहले बुधवार को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों नेताओं को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानत बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया था. अदालत में दोनों ने लिखित आश्वासन दिया कि जंतर-मंतर का क्षेत्र प्रतिबंधित रहने तक वे वहां शांति भंग नहीं करेंगे और न ही किसी प्रदर्शन का आह्वान करेंगे.
23 अक्टूबर को अगली सुनवाई
दिल्ली पुलिस ने दोनों की न्यायिक हिरासत तीन दिन बढ़ाने की मांग की थी. पुलिस का कहना था कि उनके बयानों में विरोधाभास है और उनकी रिहाई से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है. हालांकि, वकील की ओर से बिना शर्त माफी और दिए गए आश्वासन को देखते हुए अदालत ने हिरासत बढ़ाने की जरूरत नहीं मानी. मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तय की गई है.
रिहाई पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
दोनों नेताओं की रिहाई का सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह ने स्वागत किया. वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि दोनों नेताओं को तिरंगा फहराने के कारण नहीं, बल्कि शांति बॉन्ड के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया था.
सौरव दास और आशुतोष रांका को 14 अक्टूबर को संसद मार्ग थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत हिरासत में लिया था. आरोप था कि उन्होंने बिना अनुमति जंतर-मंतर के प्रतिबंधित प्रदर्शन स्थल में प्रवेश किया और पहले से भरे शांति बॉन्ड का उल्लंघन किया. 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिन बढ़ाई गई थी. दिल्ली हाईकोर्ट ने भी मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए उन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत के फैसले का इंतजार करने को कहा था.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









