विदेश

तेल अवीव से वियना जा रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिंग

Bomb Threat : इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रही एक यात्री उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. फ्लाइट नंबर ओएस82 में 51 यात्री और छह क्रू मेंबर समेत कुल 57 लोग सवार थे. राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे. लैंडिंग के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया.

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान जब रोमानिया की सीमा के करीब पहुंचा, तभी क्रू मेंबर्स को बम की धमकी की सूचना मिली. इसके बाद विमान को सोफिया में उतारने का फैसला किया गया. बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं. विमान के उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और सुरक्षा जांच शुरू की गई.

सुरक्षा में तैनात किए गए मिग-29 लड़ाकू विमान

बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विमान को सुरक्षा प्रदान करने के लिए मिग-29 लड़ाकू विमान तैनात किए गए थे. धमकी मिलने के बाद आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम को अलर्ट कर दिया गया. अधिकारियों ने विमान की जांच की और मामले की पड़ताल शुरू कर दी. हालांकि, धमकी की जिम्मेदारी किसने ली और इसके पीछे कौन था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. भारतीय और अमेरिकी एयरलाइंस की उड़ानों को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. इनमें कई मामले बाद में झूठे साबित हुए. ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियां एहतियात के तौर पर विमान की जांच करती हैं, ताकि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button