Uttar Pradesh

UP में आज कहां होगी बारिश, कहां निकलेगी धूप? IMD ने दिया अपडेट

उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है. मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर को सहारनपुर से सोनभद्र तक 22 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. वहीं, नोएडा, लखनऊ और आगरा समेत कई जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगले 24 घंटे में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है.

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम का मिजाज पूरी तरह नहीं बदला है. कहीं आसमान से बारिश की बूंदें गिर रही हैं, तो कहीं तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. सुबह और शाम के समय बढ़ती ठंडक के बीच अब मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर को प्रदेश के 22 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार, 9 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. जिन जिलों में बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं, उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र शामिल हैं.

वहीं, नोएडा, आगरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और आसपास के कई जिलों में मौसम शुष्क रहने तथा धूप निकलने का अनुमान है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी फिलहाल बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है.

11 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो रही है. 11 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं मौसम शुष्क रह सकता है, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.

अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है. इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है. बीते 24 घंटों में आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. झांसी, अलीगढ़, फतेहगढ़ और प्रयागराज में भी गर्मी का असर बना रहा.

ये भी पढ़ें- भाजपा चाहे जितनी भी रेड कर ले, हमारे पास भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिलेगा- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button