Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के कैंप कार्यालय पर हुई सीबीआई रेड को लेकर पंजाब में सियासी घमासान तेज हो गया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस कार्रवाई को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब सरकार और उन्हें बदनाम करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा ने हमेशा पंजाबियों के साथ धक्का किया है. अब पंजाब की जनता से उन्हें मिल रहे प्यार और समर्थन को देखकर भाजपा घबरा गई है, उन्होंने कहा कि भाजपा उनके काम का मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए उसने केंद्रीय जांच एजेंसियों को मैदान में उतार दिया है.
सीबीआई रेड से भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंप कार्यालय पर सीबीआई की रेड कराकर भाजपा ने पंजाब में अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है, उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से चंद महीने पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल चुनी हुई राज्य सरकार और उसके नेतृत्व को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.
मान ने कहा कि पंजाब सरकार ऐसी राजनीति से डरने के बजाय सुशासन और जन कल्याण पर अपना ध्यान केंद्रित रखेगी, उन्होंने कहा कि सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए, न कि राजनीतिक प्रतिशोध का जरिया बनना चाहिए.
सरकार इस तरह की हरकतों से नहीं डरेगी
भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की मजबूत लोकतांत्रिक परंपरा रही है और यहां के लोगों ने राजनीतिक जनादेश में दखल देने की कोशिशों का हमेशा मुंहतोड़ जवाब दिया है, उन्होंने कहा कि पंजाब की चुनी हुई सरकार इस तरह की हरकतों से नहीं डरेगी और राज्य के अधिकारों, हितों और विकास से जुड़े मुद्दे लगातार उठाती रहेगी.
पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा की हताशा साफ दिखाई दे रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की रेड के जरिए मान सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
पंजाब की आवाज को दबाया नहीं जा सकता
चीमा ने कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के गलत इस्तेमाल से पंजाब की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सड़कों से लेकर संसद तक यह लड़ाई लड़ेगी और किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने दावा किया कि सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में उनकी याचिका का इंतजार किए बिना 24 घंटे के भीतर छापेमारी की. चीमा ने इसे पंजाबियों को डराने का प्रयास बताया और कहा कि पंजाब और पंजाबी कभी डरे नहीं हैं. उनके मुताबिक, राज्य के तीन करोड़ पंजाबी आम आदमी पार्टी और भगवंत मान के साथ खड़े हैं.
भाजपा का 2027 चुनाव कैंपेन शुरू
वहीं, आप के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की रेड के जरिए भाजपा ने अपने 2027 के चुनाव कैंपेन का आगाज कर दिया है.
अमन अरोड़ा ने कहा कि पिछले पौने पांच साल में भगवंत मान सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें देखकर भाजपा घबराहट में है, उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर लोग भाजपा को देखने तक के लिए तैयार नहीं हैं और इसी बौखलाहट में जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए रेड करवाई जा रही है.
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब के लोग दिलेर हैं और धक्केशाही का मुंहतोड़ जवाब देते आए हैं, उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भी पंजाब की जनता भाजपा को उसकी इस धक्केशाही का करारा जवाब देगी.
ये भी पढ़ें- ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 258वां दिन, पंजाब पुलिस ने 575 ठिकानों पर की छापेमारी, 231काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









