
Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिरोजपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज उन्हें डेरा बाबा राम थमन जी महाराज में माथा टेकने और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि बाबा राम थमन जी महाराज की परंपरा ने सेवा, सद्भाव और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाया है।
कंबोज समाज ने मेहनत और राष्ट्रभक्ति से देश को किया मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र मेहनतकश तथा स्वाभिमानी लोगों की धरती है। यहां कंबोज समाज की बड़ी आबादी रहती है। कंबोज समाज ने अपनी मेहनत, साहस, कृषि-कौशल और राष्ट्रभक्ति से पंजाब सहित पूरे देश को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों का सिरसा जिले में क्षेत्र डेरा संगर सरिस्ता और बाबा भूमण शाह जी के प्रति विशेष लगाव है। यह लगाव हरियाणा और पंजाब के बीच आध्यात्मिक आत्मीयता का जीवंत प्रमाण है।
पंजाब की विकास दर 6.1%, हरियाणा की 9.5% रहने का अनुमान
सीएम ने कहा कि आज पंजाब विकास की दौड़ में पीछे रहा है, जिसमें दोष पंजाबियों का नहीं है। वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5% रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर केवल 6.1% है। यानी हरियाणा पंजाब से 3.4% अधिक तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पंजाब में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बकाया होने का दावा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब में करीब सवा 3 लाख कर्मचारी हैं, जिनका पुराना महंगाई भत्ता आज भी बकाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के उद्योग पंजाब छोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का स्वास्थ्य बजट 12,840 करोड़ रुपये है, जबकि पंजाब का स्वास्थ्य बजट 7,787 करोड़ रुपये है। हरियाणा अपने गांवों को भी बजट में पंजाब से लगभग तीन गुना अधिक प्राथमिकता दे रहा है।
हरियाणा में 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पिछले लगभग 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को 3,200 रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है।
‘पंजाब समाधान, सुरक्षा और विकास चाहता है’
नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रचार और टकराव में व्यस्त है, जबकि पंजाब समाधान, सुरक्षा और विकास चाहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को जन सेवा का माध्यम मानती है और उनके लिए राष्ट्र प्रथम है।
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, घरों में जलाएं आशीर्वाद का दीया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सेवा संकल्प अभियान की पूरे देश में शुरुआत हो रही है। उन्होंने अपील की कि कल शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाकर उनकी दीर्घायु की कामना करें।
ये भी पढ़ें – पंजाब में आंगनवाड़ी पोषण व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 1.1 लाख बच्चों को मिलेगा ताजा गर्म भोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









