Punjab

शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग बना नए क्रिकेट सितारों का मंच, CM मान बोले- पंजाब को बनाएंगे देश का खेल हब

Punjab Sports News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में आयोजित शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के समापन समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने लीग को पंजाब की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने वाला अहम मंच बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है, उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश का खेल हब बनाना है, जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिल सकें.

119 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में करीब 119 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट के जरिए गांवों, कस्बों और शहरों से आने वाले कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिला.

उन्होंने नमन धीर और प्रभसिमरन सिंह के इंडिया ‘ए’ टीम में चयन का जिक्र करते हुए कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता तैयार कर रही है.

पंजाब के क्रिकेट भविष्य को मजबूत करने की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग सिर्फ एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य में मौजूद क्रिकेट प्रतिभा को तलाशने और निखारने का प्रयास है, उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मंच से निकलने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में पंजाब और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.

उन्होंने बताया कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर दोनों पंजाब से हैं. इसके अलावा पंजाब के 21 खिलाड़ी इस समय आईपीएल में खेल रहे हैं.

छह टीमों ने लिया हिस्सा

इस लीग में छह टीमों ने भाग लिया. इनमें शुभमन गिल की अगुवाई वाली फाजिल्का फाल्कन्स, अर्शदीप सिंह की कप्तानी वाली लुधियाना लायंस, अभिषेक शर्मा की अगुवाई वाली अमृतसर सूरमाज, प्रभसिमरन सिंह की अगुवाई वाली जालंधर वॉरियर्स, रमनदीप सिंह की अगुवाई वाली मोहाली किंग्स और गुरनूर बराड़ की अगुवाई वाली बठिंडा रॉयल्स शामिल रहीं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान आईपीएल टीमों के टैलेंट स्काउट्स और चयनकर्ताओं ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी, उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पंजाब के और भी क्रिकेटरों को आईपीएल में खेलने का मौका मिलेगा.

विजेता टीम और खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने फाइनल मुकाबले में पहुंची लुधियाना लायंस और अमृतसर सूरमाज समेत सभी टीमों और खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी, उन्होंने कहा कि लीग के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘युवराज सिंह अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा.

इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button