Biharक्राइम

हाजीपुर में BJP नेता के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 से ज्यादा गोलियां चलीं, CCTV में कैद हुई घटना

बिहार के हाजीपुर में बाइक सवार बदमाशों ने हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक और भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजीव ब्राह्मर्षि के घर पर करीब 10 राउंड फायरिंग की। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Hajipur Firing : बिहार के हाजीपुर जिले में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष राजीव ब्राह्मर्षि के घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। फायरिंग की इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।

मुख्य गेट, खिड़की और बेडरूम में मिले गोली के निशान

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजकर 19 मिनट पर एक बाइक पर सवार दो से तीन बदमाश राजीव ब्राह्मर्षि के घर पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने 10 से अधिक राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के मुख्य गेट, खिड़की और बेडरूम तक गोलियों के निशान मिले हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 10 खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाजीपुर के एसएसपी शुभांक मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जल्द से जल्द बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। FSL और तकनीकी टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है।

फायरिंग की वजह अभी स्पष्ट नहीं

एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में CCTV फुटेज से एक बाइक पर सवार कुछ लोगों के आने की जानकारी मिली है। हालांकि फायरिंग के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

पुलिस ने राजीव ब्राह्मर्षि से किसी पुरानी दुश्मनी, विवाद या अन्य कारणों को लेकर जानकारी ली है, लेकिन फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार मंदिर निर्माण से जुड़े एक छोटे विवाद की जानकारी मिली है, लेकिन प्रथम दृष्टया उसे इतनी बड़ी वारदात की वजह नहीं माना जा रहा है।

धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हैं राजीव ब्राह्मर्षि

राजीव ब्राह्मर्षि स्थानीय स्तर पर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। वह मंदिर निर्माण और अन्य धार्मिक कार्यों में सहयोग करते रहे हैं। पुलिस अब सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है।

ये भी पढ़ें- UP News : अलकायदा से जुड़ा आतंकी आजमगढ़ से गिरफ्तार, यूपी एटीएस ने नाकाम की बड़ी साजिश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button