Punjab

‘गैंगस्टरां ते वार’ का 232वां दिन, पंजाब पुलिस ने 549 ठिकानों पर छापेमारी कर 200 आरोपियों को किया काबू

पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 232वें दिन राज्यभर में 549 ठिकानों पर छापेमारी कर 200 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान हथियार बरामद किए गए और 240 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हेल्पलाइन नंबर के जरिए गैंगस्टरों और अपराध से जुड़ी जानकारी गोपनीय रूप से साझा करें।

Gangstran Te Vaar : राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 232वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में चिन्हित एवं मैप किए गए 549 ठिकानों पर छापेमारी की।

‘गैंगस्टरां ते वार’- पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग अभियान की शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।

हथियारों समेत 200 व्यक्ति गिरफ्तार

अभियान के 232वें दिन पुलिस टीमों ने आठ हथियारों सहित 200 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 69,135 हो गई है। इसके अलावा, 240 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई के दौरान 8 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर किया जारी

लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी साझा कर सकते हैं। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 8 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।

हेरोइन, भुक्की समेत ड्रग मनी बरामद

इस बीच, पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरूद्ध’ को 557वें दिन भी जारी रखते हुए आज 70 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5 किलोग्राम आईसीई ड्रग, 778 ग्राम हेरोइन, 86 किलोग्राम भुक्की, 333 नशीली गोलियां तथा 1,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 557 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 77,579 हो गई है।

ये भी पढ़ें- विजीलेंस ब्यूरो ने 20,000 रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव को रंगे हाथों काबू किया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button