Political News : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला लिया है. लखनऊ में हुई पार्टी की अहम बैठक में उन्होंने साफ किया कि आकाश आनंद को फिलहाल संगठन की कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी. मायावती के मुताबिक, आकाश को अभी राजनीति में और अनुभव हासिल करने के साथ परिपक्व होने की जरूरत है. उन्हें पार्टी में काम करने की अनुमति रहेगी.
मायावती के फैसले के बाद आकाश आनंद ने भी अपने एक्स प्रोफाइल में बदलाव किया है. पहले प्रोफाइल पर खुद को राष्ट्रीय संयोजक बताने वाले आकाश ने अब अपनी पहचान सिर्फ BSP कार्यकर्ता के रूप में दर्ज की है. इस बदलाव के बाद उनके समर्थकों में निराशा देखने को मिली है.
मायावती ने कांशीराम के सिद्धांतों का दिया हवाला
बैठक में मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को संगठन में काम करने की अनुमति तो दी, लेकिन उन्हें चुनाव लड़ाने या पार्टी में पद देने के पक्ष में नहीं थे. मायावती ने कहा कि वह भी इसी सिद्धांत के आधार पर आगे बढ़ रही हैं.
उन्होंने संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को कमियां दूर करने और पार्टी को मजबूत बनाने के निर्देश दिए. साथ ही ज्वलंत मुद्दों पर BSP का रुख स्पष्ट रखने और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की दिशा में काम करने को कहा.
आकाश पर पहले भी हो चुके हैं कई फैसले
आकाश आनंद को लेकर मायावती का रुख पहले भी कई बार बदला है. 7 मई 2024 को उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर और राजनीतिक उत्तराधिकारी की जिम्मेदारी से हटाया गया था. करीब डेढ़ महीने बाद 23 जून 2024 को लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें फिर दोनों जिम्मेदारियां दे दी गईं.
आकाश बड़ी जिम्मेदारियों से दूर
2 मार्च 2025 को आकाश को सभी पदों से हटाया गया और अगले दिन पार्टी से निष्कासित कर दिया गया. अप्रैल 2025 में माफी के बाद उनकी BSP में वापसी हुई. इसके बाद 18 मई 2025 को उन्हें चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई.
अब 3 सितंबर 2026 को एक बार फिर मायावती ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारियों से दूर रखने का फैसला किया है. मायावती ने इसके पीछे आकाश की राजनीतिक परिपक्वता और पार्टी को संभावित नुकसान से बचाने की जरूरत को वजह बताया है.
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 की मौत, 172 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









