Uttar Pradesh

28 साल की प्रेमिका की हत्या कर लाश ठिकाने लगाने निकला 55 वर्षीय लिव-इन पार्टनर, ऐसे खुली पूरी पोल

Live-In Partner Murder : लखनऊ के मानकनगर इलाके में एक महिला की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय धीरज कुमार सोनकर ने अपनी 28 वर्षीय लिव-इन पार्टनर पूजा उर्फ परवीन की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद वह शव को ई-रिक्शे में रखकर नहर के पास पहुंचा, लेकिन राहगीरों को आता देख घबरा गया और लाश फुटपाथ पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पूजा को करीब चार-पांच साल से जानता था और दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे. 30 अगस्त की रात दोनों स्लीपर ग्राउंड स्थित उसके ठिकाने पर साथ थे. इसी दौरान पूजा ने उससे 50 हजार रुपये मांगे. धीरज ने पैसे देने से इनकार करते हुए बताया कि ई-रिक्शा खरीदने के लिए उसने हाल ही में कर्ज लिया था और उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी.

पैसों को लेकर शुरू हुई बहस रातभर चलती रही. सुबह करीब 3 से 4 बजे पूजा घर जाने की बात पर अड़ गई. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने धीरज को अंजाम भुगतने की धमकी दी. धीरज के कथित बयान के मुताबिक, गुस्से में उसने पूजा के दुपट्टे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

नहर में शव फेंकने निकला था आरोपी

हत्या के बाद धीरज ने शव को ई-रिक्शे में रखा और उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा. पुलिस के अनुसार, उसने ऐसा रास्ता चुना जहां सीसीटीवी कम होने की उम्मीद थी. वह डीआरएम पुलिया के पास पहुंचा और शव को नहर में फेंकने की तैयारी करने लगा.

इसी दौरान कुछ राहगीर दिखाई दिए. धीरज ने जोखिम भांपते हुए शव नहर में डालने का इरादा बदल दिया. वह लाश को फुटपाथ पर छोड़कर ई-रिक्शा से भाग गया.

निशानदेही पर ई-रिक्शा बरामद

पूजा के पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम की शिकायत पर मानकनगर पुलिस ने जांच शुरू की. थाना प्रभारी अजीत कुमार की टीम ने सुराग जुटाए और आलमबाग के शांतिपुरम स्थित घर से धीरज को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी करीब तीन घंटे के भीतर हुई. आरोपी की निशानदेही पर ई-रिक्शा भी बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button