बिज़नेसराज्य

पंजाब में औद्योगिक केंद्रों के पास स्थापित होंगी विश्वस्तरीय टेस्टिंग सुविधाएं, NTH के साथ सरकार का समझौता: अमन अरोड़ा

Punjab News : पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि राज्य के औद्योगिक इकोसिस्टम और इसकी वैश्विक क्षमताओं को बड़ा प्रोत्साहन देने के लिए पंजाब सरकार ने विश्वस्तरीय परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाएं राज्य के औद्योगिक केंद्रों के निकट उपलब्ध करवाने के लिए नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) के साथ साझेदारी की है। यह साझेदारी अनुपालन लागत तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के निर्माण में लगने वाले समय को कम करने के साथ-साथ एमएसएमईज और निर्यातकों के लिए बेहतर लाभ सुनिश्चित करने में सहायक होगी।

एनटीएच के 115वें स्थापना दिवस समारोह में हुआ समझौता

पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और एनटीएच के बीच यह साझेदारी बेंगलुरु में एनटीएच के 115वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान की गई। समझौते के दस्तावेज उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक श्री जसप्रीत सिंह और एनटीएच के महानिदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव के बीच आदान-प्रदान किए गए।

एमएसएमईज और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने में मिलेगी मदद

इस साझेदारी का स्वागत करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “पंजाब के एमएसएमईज और निर्यातक गुणवत्ता के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक पहुंच बना सकते हैं। हमारे औद्योगिक क्लस्टरों के निकट उन्नत परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाकर हम स्थानीय उद्यमों को उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने, नियमों के अनुपालन से जुड़ी लागत कम करने और वैश्विक स्तर पर अधिक आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करने में मदद करेंगे।”

एनआईआईएफटी जालंधर में स्थापित होगी अत्याधुनिक एनटीएच लैब

इस समझौते के तहत नॉर्थर्न इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईआईएफटी), जालंधर में एक अत्याधुनिक एनटीएच लैब स्थापित की जाएगी, जो लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के औद्योगिक केंद्रों को सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा खेल सामग्री, टेक्सटाइल, चमड़ा, हैंड टूल्स, ऑटो कंपोनेंट्स और फूड प्रोसेसिंग सहित प्रमुख क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगी।

ड्रोन प्रमाणन और ईवी बैटरी परीक्षण में भी एनटीएच की विशेषज्ञता

उद्योग मंत्री ने कहा कि एनटीएच, जो उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अधीन कार्य करता है, ने ड्रोन प्रमाणन, ईवी बैटरी परीक्षण और ऑर्गेनिक फूड टेस्टिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता का विस्तार किया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण करने की इसकी क्षमताएं पंजाब की विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

निर्यात-उन्मुख इकाइयों और एमएसएमईज को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य में एक मजबूत परीक्षण इकोसिस्टम विकसित करने संबंधी पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इस पहल से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन की प्रक्रिया में तेजी आएगी और निर्यात-उन्मुख विनिर्माण इकाइयों तथा एमएसएमईज को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में सहायता मिलेगी।

वैश्विक प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा पंजाब

अमन अरोड़ा ने कहा कि औद्योगिक क्लस्टरों के निकट अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाना बेहद लाभकारी साबित होगा। इससे उत्पादों के निर्माण में लगने वाले समय को कम करने और गुणवत्ता में और सुधार करने में मदद मिलेगी। यह साझेदारी एनटीएच की तकनीकी विशेषज्ञता और पंजाब की विनिर्माण क्षमताओं के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करेगी, जिससे राज्य वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण के लिए एक पसंदीदा केंद्र के रूप में उभरेगा।

ये भी पढ़ें – दिल्ली में दोहराया गया निर्भया कांड, चलती बस में की गई किशोरी से सामूहिक दरिंदगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button