Cricket News : जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम की भागीदारी को लेकर नया अपडेट सामने आया है। खिलाड़ियों के लिए किए गए इंतजामों से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) संतुष्ट नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगर जापान में खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं उम्मीद के मुताबिक नहीं मिलीं, तो भारत अपनी मुख्य टीम की जगह दूसरी श्रेणी की टीम भेजने पर विचार कर सकता है।
सुविधाओं को लेकर उठे सवाल
एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक और महिला क्रिकेट मुकाबले 17 से 22 सितंबर तक खेले जाने हैं। टूर्नामेंट से पहले BCCI व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए अपना प्रतिनिधि भेज सकता है। सूत्रों के अनुसार, ACC की बैठक में जापान के आयोजकों के सामने कई मुद्दे रखे गए हैं। इनमें मैदान पर बनाए गए अस्थायी ड्रेसिंग रूम, टेंट से काफी दूरी पर मौजूद वॉशरूम और होटल के छोटे कमरों जैसी समस्याएं शामिल हैं।
ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
BCCI अब जापान की तैयारियों का निरीक्षण करवाने की योजना बना रहा है। ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि एशियन गेम्स के लिए भारत की मजबूत टीम भेजी जाए या फिर युवा खिलाड़ियों वाली टीम को मौका दिया जाए। अगर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो BCCI मुख्य टीम के बजाय B टीम भेजने का विकल्प चुन सकता है।
श्रेयस अय्यर को बनाया गया है कप्तान
BCCI ने एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही कर दिया था। इस टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई थी। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह मिली है। अब अंतिम फैसला जापान में मिलने वाली सुविधाओं और BCCI की समीक्षा रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- अंकित बालियान मर्डर का खौफनाक VIDEO आया सामने, 25 सेकेंड तक बरसाई गईं गोलियां, दो लोगों ने ली हत्या की जिम्मेदारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









