Mahindra Scorpio Lifestyler : घरेलू ऑटोमोबाइल कंपनी Mahindra & Mahindra अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी में है। कंपनी अपनी नई लाइफस्टाइल पिकअप गाड़ी को भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी लॉन्च करने की योजना बना रही है। इस वाहन को भारत में स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर और वैश्विक बाजारों में महिंद्रा लाइफस्टाइलर नाम से पेश किया जा सकता है।
अप्रैल 2027 में भारत में लॉन्च की योजना
महिंद्रा की नई पिकअप गाड़ी को भारत में अप्रैल 2027 तक लॉन्च किए जाने की संभावना है। इसके बाद कंपनी इसे दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया, लैटिन अमेरिका और आसियान देशों जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी का लक्ष्य इस मॉडल के जरिए वैश्विक बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और निर्यात कारोबार को आगे बढ़ाना है।
कैंपिंग और ट्रैवलिंग के शौकीनों पर नजर
महिंद्रा के वाहन और कृषि कारोबार के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ राजेश जेजुरिकर के अनुसार, भारत में भी लाइफस्टाइल पिकअप वाहनों के लिए नया ग्राहक वर्ग तैयार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में ऐसे ग्राहकों की संख्या बढ़ी है, जो कैंपिंग, ट्रैवलिंग और एडवेंचर गतिविधियों के दौरान ज्यादा सामान ले जाने वाले वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इनमें फार्म मालिकों और पर्यटन से जुड़े लोगों की मांग भी शामिल है।
निर्यात में दर्ज हुई बढ़ोतरी
महिंद्रा के वाहन कारोबार के निर्यात में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष में निर्यात बढ़कर 41,030 यूनिट तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 18.2 प्रतिशत अधिक है। कंपनी अब नए मॉडल के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार में भी तेजी
महिंद्रा के इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है। कंपनी की कुल एसयूवी बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी पिछले 16-17 महीनों में बढ़कर करीब 12 प्रतिशत तक पहुंच गई है। BE 6, XEV 9E और XEV 9S जैसे इलेक्ट्रिक मॉडल्स ने कंपनी के ईवी पोर्टफोलियो को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









