Tiranga Music Festival : राष्ट्र नायकों को सम्मान देने के साथ ही भावी पीढ़ी में देशभक्ति का संचार करने के लिए डबल इंजन सरकार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन कर रही है. इस अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा. इसके साथ ही देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी आयोजनों को जनभागीदारी के साथ मनाने का निर्देश दिया है. इस श्रृंखला में राजधानी लखनऊ समेत सभी 75 जनपदों में ‘तिरंगा संगीत समारोह’ (तिरंगा कॉन्सर्ट) का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रभक्ति के गीतों-नृत्यों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी.
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा महोत्सव भी होगा. इसके अंतर्गत तिरंगा मेला व भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी आयोजित किया जाएगा. इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ ही जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी. तिरंगा कॉन्सर्ट में नामचीन कलाकारों के साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा. सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहेंगी.
प्रदेश के सभी 75 जनपदों में होगा तिरंगा कॉन्सर्ट
तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में होगा. इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम व विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा. समारोह में संपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति पर आधारित होगा. कॉन्सर्ट में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत-संगीत व वंदे मातरम का सामूहिक गान होगा. इसमें विभिन्न स्कूलों, पुलिस बल व आर्मी बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी.
लखनऊ में इन स्थानों पर प्रस्तावित है कॉन्सर्ट
राजधानी लखनऊ में भी विभिन्न स्थानों पर तिरंगा कॉन्सर्ट प्रस्तावित किया गया है. संस्कृति विभाग के मुताबिक 1090 चौराहा, हजरतगंज, घंटाघर चौक, जनेश्वर मिश्र पार्क, एमरॉल्ड मॉल, लुलु मॉल समेत कई अन्य स्थानों पर तिरंगा संगीत समारोह प्रस्तावित है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विगत दिनों बैठक में निर्देश दिया था कि 14 व 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ का उद्देश्य बताते हुए कहा कि भावी पीढ़ी को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना, प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध उत्पन्न करना है. जनपद, ब्लॉक, तहसील, ग्राम पंचायतों में भी ये आयोजन किए जाएं. इसमें जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों, परिवहन क्षेत्र, आरडब्ल्यूए, सरकारी सेवकों, शिक्षण संस्थानों, एनसीसी व एनएसएस आदि की भी सहभागिता रहे.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









