Uttar Pradeshक्राइम

17 वार कर प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, शव के पास बैठा मिला आरोपी

Bulandshahr Murder Case : बुलंदशहर में प्रेम संबंध के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में 42 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से कई वार किए। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी महिला के शव के पास बैठा मिला।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से संबंध थे।

महिला को किराए के कमरे पर बुलाया

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे आरोपी ने महिला को अपने किराए के कमरे पर बुलाया था। वहां उसने महिला से परिवार छोड़कर उसके साथ शादी करने की बात कही। महिला के इनकार करने के बाद आरोपी गुस्से में आ गया और चाकू से हमला कर दिया।

दिल्ली के प्रेमनगर की रहने वाली थी महिला

मृतका की पहचान बेबी के रूप में हुई है। वह दिल्ली के प्रेमनगर की रहने वाली थी और करीब 15 साल पहले बुलंदशहर निवासी पंकज से उसकी शादी हुई थी। महिला के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 8 से 13 साल के बीच बताई जा रही है। उसका पति बर्तन बनाने की छोटी फैक्ट्री चलाता है।

उसका बेटा भी उसके साथ नहीं था

आरोपी अजीत ठेकेदार खुर्जा क्षेत्र में बर्तन फैक्ट्री में काम करता है और मूल रूप से नेहरूपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी और उसका बेटा भी उसके साथ नहीं रहता था। इसके बाद वह अकेला रहने लगा था।

आरोपी के कमरे पर था आना-जाना

पुलिस के अनुसार, अजीत की बेबी से पहले बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला का आरोपी के कमरे पर आना-जाना भी था। हालांकि, बाद में महिला ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और बातचीत कम कर दी। इससे नाराज होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

आरोपी के कमरे से तेज आवाजें

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार रात आरोपी के कमरे से तेज आवाजें आ रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर महिला खून से लथपथ हालत में मिली और आरोपी वहीं बैठा था।

आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

महिला के पति पंकज ने बताया कि वह काम से लौटकर घर आया तो पत्नी नहीं मिली। बच्चों ने बताया कि वह अजीत के कमरे पर गई है। वहां पहुंचने पर उसे हत्या की जानकारी मिली। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी रामफल सिंह ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू से किए गए 17 वार के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में 21,850 शिक्षकों को मिलेगी खास ट्रेनिंग, नशे और मानसिक स्वास्थ्य पर होगा फोकस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button