Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में आज भी बारिश का येलो अलर्ट, अगले 7 दिनों तक तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

Delhi NCR Weather Today : दिल्ली-NCR में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राजधानी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली. बारिश के बाद शहर की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (21 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया. इस दौरान हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 81 प्रतिशत दर्ज किया गया.

24 घंटे में बारिश के साथ चली तेज हवाएं

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कई स्थानों पर आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिला. इस दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.

बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. वहीं, दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.

आज पूरे दिन रहेगा येलो अलर्ट

IMD ने बुधवार (22 जुलाई) के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से दोपहर के बीच 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के साथ इनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. वहीं, शाम या रात के समय शहर के कुछ हिस्सों में एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. खासकर उन इलाकों से बचने की सलाह दी गई है, जहां जलभराव होने की संभावना रहती है.

ये भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा, हमलों में 100 अमेरिकी सैनिक घायल, कई देशों में बढ़ी चिंता, अमेरिका ने किए 9 शहरों पर हमले

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button