विदेश

ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा, हमलों में 100 अमेरिकी सैनिक घायल, कई देशों में बढ़ी चिंता, अमेरिका ने किए 9 शहरों पर हमले

Middle East Crisis : ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच पेंटागन ने माना है कि ईरान के जवाबी हमलों में करीब 100 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीन पार्नेल के मुताबिक, ये सैनिक 7 जुलाई के बाद हुए हमलों में घायल हुए। इनमें से ज्यादातर सैनिकों को सिर में हल्की चोटें आई थीं और लगभग सभी दोबारा ड्यूटी पर लौट चुके हैं।

सुरक्षा कारणों से की गई देरी

अमेरिका ने कहा कि घायल सैनिकों की जानकारी सार्वजनिक करने में देरी सुरक्षा कारणों से की गई। इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिकी रक्षा विभाग सैनिकों के नुकसान से जुड़ी जानकारी छिपा रहा है। इस बीच दोनों देशों के बीच हमले लगातार जारी हैं। ईरान ने उन इलाकों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले किए।

50 लोगों की मौत 517 घायल- रिपोर्ट

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी से जारी ईरान युद्ध में अब तक 17 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 430 से ज्यादा सैनिक घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, ईरानी अधिकारियों के मुताबिक अमेरिकी हमलों में अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हुई है और 517 लोग घायल हुए हैं। हालांकि ईरान ने अमेरिकी हमलों से हुए सैन्य और बुनियादी ढांचे के नुकसान का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

ईरान की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अबदानान, बंदर अब्बास, बुशेहर, चाबहार और कुछ अन्य क्षेत्रों में हमले हुए। वहीं ईरान की ओर से कुवैत में बिजली और जल संयंत्रों को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। कुवैत प्रशासन ने बताया कि हमलों के बाद कुछ संयंत्रों में आग लगी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।

इंटरव्यू को लेकर विवादों में अराघची

कतर ने भी ईरान पर अपने क्षेत्र में हुए हमलों के नुकसान की भरपाई की मांग की है। कतर ने संयुक्त राष्ट्र को भेजे पत्र में कहा कि वह अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है। दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपने एक इंटरव्यू को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों का जिक्र किया था, जिसके बाद ईरान के कुछ नेताओं और मीडिया संस्थानों ने उनकी आलोचना की।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। हमलों और जवाबी कार्रवाई से क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया सावधान, जिस जिम्बाब्वे को कमजोर समझा, वही दे चुका है 3 बड़े झटके, कप्तान श्रेयस अय्यर की होगी अग्निपरीक्षा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button