UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान जताया है. साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, 21 जुलाई को आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा और बांदा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.
इन जिलों में झमाझम बारिश की संभावना
वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, मऊ, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर और संत कबीरनगर सहित कई जिलों में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.
24 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
22 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में तेज बारिश होने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जुलाई तक प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और 26 जुलाई तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
बारिश के चलते लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
ये भी पढ़ें – दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









