
Greater Noida Bomb Threat : ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट में मौजूद जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पूरे परिसर में सर्च अभियान शुरू किया.
मौके पर पुलिस के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें भी पहुंचीं. सुरक्षा एजेंसियों ने डीएम कार्यालय और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली. अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई.
धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच
पुलिस ने बताया कि फिलहाल धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है. साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है. साथ ही डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी वास्तविक थी या केवल दहशत फैलाने के उद्देश्य से भेजी गई थी.
घटना के बाद डीएम कार्यालय और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक सभी जरूरी सुरक्षा उपाय जारी रहेंगे.
फर्जी बम धमकी के कई मामले
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईमेल के जरिए बम की झूठी धमकियों के कई मामले सामने आए हैं. इससे पहले 3 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 36 वर्षीय निशांत त्यागी को इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO), नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और एयर इंडिया की एक उड़ान को फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया था.
मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था
पुलिस के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया. पूछताछ में पता चला कि उसने ओपन स्कूलिंग से पढ़ाई की थी और वर्ष 2010 में ग्रेजुएशन में दाखिला लिया था, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं कर सका. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वह कई वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने उसके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किया है, जिसकी जांच जारी है. हालांकि, उसके कब्जे से कोई संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ.
ये भी पढ़ें – राम मंदिर परिसर में प्रशासनिक बदलाव की तैयारी, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नई टीमों के गठन पर जोर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







