Rajasthan

श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में तीन युवकों की मौत

Rajasthan Accident : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-62 पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दुर्घटना चूनावढ़ थाना क्षेत्र के नेतेवाला गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव

हादसे में बींझबायला निवासी मोनू वर्मा (25), कुलदीप सिंह (25) और श्रीगंगानगर के 48 एलएनपी निवासी प्रदीप लूणा (23) की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

मामले की होगी गहन जांच

डीएसपी भूपेंद्र सोनी और सदर थाना प्रभारी सीआई सुभाष ढील ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में मानसून का कहर, कई जिलों में बारिश से हालात बिगड़े, करंट लगने से दो भाइयों की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button