Dishani Chakraborty : मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती ने अपने लंबे समय से रिलेशनशिप में रहे पार्टनर माइल्स मैंटजारिस के साथ सगाई की घोषणा कर दी है. कपल ने सोशल मीडिया पर अपने खास पल की तस्वीरें साझा कर इस खुशखबरी को फैंस के साथ बांटा.
दिशानी और माइल्स ने इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त पोस्ट शेयर की, जिसमें समुद्र किनारे हुए रोमांटिक प्रपोजल की झलक देखने को मिली. तस्वीरों में माइल्स ने कैलिफोर्निया के मालिबू में एक चट्टान पर खास इंतजाम कर दिशानी को प्रपोज किया. मोमबत्तियों और सूरजमुखी के फूलों से सजी इस जगह पर उन्होंने घुटनों के बल बैठकर अपने प्यार का इजहार किया.

6 दिसंबर 2026 की तारीख का किया जिक्र
दिशानी ने पोस्ट के साथ एक भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने 6 दिसंबर 2026 की तारीख का जिक्र किया. इससे संकेत मिला कि दोनों इसी दिन शादी के बंधन में बंध सकते हैं. सगाई की खबर सामने आने के बाद परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. दिशानी के भाइयों मिमोह और नमाशी चक्रवर्ती ने भी इस मौके पर उन्हें बधाई दी.

कैमरे के पीछे कई भूमिकाओं में सक्रिय
सगाई की घोषणा के बाद लोगों के बीच माइल्स मैंटजारिस को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है. माइल्स एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े एक क्रिएटिव प्रोफेशनल हैं और कैमरे के पीछे कई भूमिकाओं में काम करते हैं. वह फ्रीलांस सिनेमैटोग्राफर, स्टेडीकैम ऑपरेटर, डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी और कलरिस्ट के रूप में सक्रिय हैं.
कई बड़े क्लाइंट्स के साथ कर चुके हैं काम
उनकी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2020 में इथाका कॉलेज से सिनेमा प्रोडक्शन की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद 2021 में लॉस एंजिलिस जाकर एक एंटरटेनमेंट एजेंसी के साथ अपने करियर की शुरुआत की. बाद में उन्होंने स्वतंत्र रूप से सिनेमैटोग्राफी और स्टेडीकैम प्रोजेक्ट्स पर काम करना शुरू किया.

माइल्स अलग-अलग नैरेटिव प्रोडक्शन, विज्ञापनों, म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं, उन्होंने पैरामाउंट पिक्चर्स, NFL, ESPN, एक्टिविजन, फेसबुक, UFC और अन्य कई बड़े क्लाइंट्स के साथ काम किया है. इसके अलावा वह मोरक्कन सिंगर फौजिया के गाने ‘अनएथिकल’ के म्यूजिक वीडियो का भी हिस्सा रह चुके हैं.
न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से की पढ़ाई
दूसरी ओर, दिशानी चक्रवर्ती भी फिल्म और मनोरंजन जगत में अपना करियर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, उन्होंने अमेरिका में न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी और ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से अभिनय और फिल्म निर्माण की शिक्षा प्राप्त की है. इसके साथ ही वह कई स्वतंत्र शॉर्ट फिल्मों में लेखन, प्रोडक्शन और अभिनय का काम कर चुकी हैं.

ये भी पढ़ें – अयातुल्ला अली खामेनेई को दफन करने की तारीख का ऐलान, 4 जुलाई से शुरु होगी प्रक्रिया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









