Delhi NCRमौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी का असर हुआ कम

Weather Alert : दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 30 मई को राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है, जबकि दोपहर और शाम के समय थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तापमान में आई गिरावट के कारण पिछले दिनों की तुलना में गर्मी का असर काफी कम महसूस किया जा रहा है।

शुक्रवार शाम को बदला था मौसम

शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया था। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने राजधानी के कई हिस्सों में गर्मी से राहत दिलाई। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।

31 मई के लिए भी अलर्ट

आईएमडी ने 30 और 31 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 31 मई को मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है। कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके चलते पेड़ गिरने, होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। विभाग का अनुमान है कि मौजूदा बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि अगले चार दिनों में तापमान फिर 5 से 6 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें – पुणे में जहरीली शराब से 7 लोगों की मौत, सप्लायर समेत 8 लोग हिरासत में

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button