Weather News : गुरुवार को दिल्ली का मौसम अचानक बदलने के संकेत दे रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिल्ली में मध्यम से गंभीर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।
राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। IMD के अनुसार, राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय मौसम अधिक खराब हो सकता है और रातभर गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव
स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पालावत ने बताया कि उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक की गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। यह सिस्टम धीरे-धीरे दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रहा है और शाम तक राजधानी को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण यह बदलाव देखा जा रहा है।
पेड़ गिर सकते हैं, बिजली गुल होने की संभावना
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते पेड़ गिर सकते हैं, कमजोर ढांचे को नुकसान हो सकता है और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। सड़कों पर यातायात बाधित होने की संभावना भी बनी हुई है। ओलावृष्टि से फसलों और निजी संपत्ति को नुकसान होने की चेतावनी भी दी गई है।
सतर्क रहने के दिए गए निर्देश
प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
ये भी पढ़ें- रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 का जलवा, ट्विन इंजन और क्लासिक लुक, 94 साल की विरासत के साथ आधुनिक पावर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









