Other Statesराज्य

अभिजीत दीपके को मिल रही धमकियों की प्रकाश आंबेडकर ने की निंदा, कहा- ‘लोकतंत्र में डर की जगह नहीं’

Latest Political News : महाराष्ट्र में सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके को कथित तौर पर मिल रही जान से मारने की धमकियों को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं. वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने इस मामले पर चिंता जताते हुए धमकियों की निंदा की है और अभिजीत दीपके के परिवार को समर्थन देने की बात कही है.

प्रकाश आंबेडकर ने बताया कि उन्होंने अभिजीत दीपके के माता-पिता से बातचीत कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने कहा कि जिस तरह से अभिजीत और उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है, वह चिंताजनक है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और व्यक्ति की सुरक्षा बेहद अहम होती है.

अभिजीत दीपके को मिल रही धमकियों की निंदा

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि धमकियां और डर का माहौल लोकतांत्रिक बहस और खुले संवाद को कमजोर करता है. साथ ही उन्होंने अभिजीत दीपके के परिवार को भरोसा दिलाया कि वंचित बहुजन आघाड़ी के कार्यकर्ता इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं. जरूरत पड़ने पर पार्टी की ओर से राजनीतिक और जमीनी स्तर पर सहयोग भी दिया जाएगा.

तेजी से वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’

इससे पहले अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया था कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी साझा किए थे, जिनमें एक व्यक्ति कथित तौर पर उन्हें अपशब्द कहता और धमकी देता नजर आ रहा है.

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की यह डिजिटल मुहिम पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी. बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े और इसके कंटेंट को शेयर किया गया. हालांकि 21 मई को भारत में CJP का अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया, जिसके बाद ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नया हैंडल बनाया गया.

‘कॉकरोच’ टिप्पणी के बाद चर्चा में आई मुहिम

बताया जा रहा है कि 15 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत उस टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश चीफ जस्टिस सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से किए जाने का जिक्र सामने आया था.

ये भी पढ़ें – दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, केंद्र ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button