Uttar Pradesh

नोएडा बनेगा हाईटेक सुरक्षा हब, सेफ सिटी प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी, 147 स्थानों पर इमरजेंसी पैनिक बटन

Noida High-Tech Security Hub : उत्तर प्रदेश में नोएडा को और अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत शहर बनाने की दिशा में ‘सेफ सिटी प्रोजेक्ट’ को अब तेजी मिल गई है। लंबे समय तक इंतजार और तीन बार टेंडर असफल होने के बाद नोएडा अथॉरिटी ने शहर की सुरक्षा को आधुनिक बनाने की तैयारी तेज कर दी है।

निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगे कैमरे

इस पहल के तहत महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुल 212 करोड़ रुपये की लागत से शहर के 561 संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 1,949 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे केवल निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि फेस डिटेक्शन, नंबर प्लेट पहचान और वीडियो एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक से लैस होंगे।

साथ ही, शहर में पहली बार 147 रणनीतिक स्थानों पर इमरजेंसी पैनिक बटन भी लगाए जाएंगे। किसी भी खतरे की स्थिति में ये बटन दबाने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज देंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘सेफ सिटी’ योजना

नोएडा अथॉरिटी के बोर्ड रूम में शुक्रवार को सीईओ कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी दी गई। अधिकारियों के अनुसार यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार की ‘सेफ सिटी’ योजना का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य शहर को स्मार्ट और सुरक्षित बनाना है।

आपात स्थिति में पुलिस का रिस्पॉन्स

शहर के 561 संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाने वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों की पहचान में मदद करेंगे। 100 प्रमुख चौराहों और रास्तों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे, जो तेज़ रफ्तार से गुजरती गाड़ियों की प्लेटों को भी स्कैन कर सकेंगे। 147 इमरजेंसी पैनिक बटन मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित इलाकों में लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का रिस्पॉन्स समय न्यूनतम हो।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा में बड़ा सुधार

पूरा सिस्टम सेक्टर-94 स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जोड़ा जाएगा। यहां से पूरे शहर की निगरानी एक ही जगह से की जा सकेगी, जिससे ट्रैफिक मैनेजमेंट, कानून व्यवस्था और आपात स्थितियों में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा। नोएडा अथॉरिटी का मानना है कि इस हाईटेक सुरक्षा प्रणाली के लागू होने के बाद अपराधों पर नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और ट्रैफिक मॉनिटरिंग में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में पेट्रोल के दाम 100 के करीब! नई कीमतों से रोज़ाना करोड़ों का खर्च बढ़ा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button