Uttar Pradeshमौसम

UP में मौसम बदला नोएडा से गोरखपुर तक आंधी बारिश का अलर्ट लखनऊ में धूप

Weather Update : उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी का असर है, तो वहीं कई इलाकों में धूप निकलने से उमस और गर्मी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश की संभावना जताई है. गोरखपुर, गोंडा और बस्ती में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी जारी किया गया है, जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में आज फिर मौसम बदल सकता है. कई स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ आंधी और बारिश होने के आसार हैं. खासकर बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, गोंडा, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर और बस्ती जैसे जिलों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, संभल, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में किसी तरह की गंभीर चेतावनी फिलहाल नहीं दी गई है.

लखनऊ में शुष्क मौसम

राजधानी लखनऊ में आज मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना हैं. दिनभर तेज धूप निकल सकती है, जिससे गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.

आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी

बारिश के चलते तापमान में मामूली गिरावट जरूर देखी जा सकती है, लेकिन इससे मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में फिलहाल शुष्क मौसम और तेज धूप का असर बना रहेगा, जिससे गर्मी बढ़ सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 5 से 6 दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिलेगा. गुरुवार के बाद बारिश का असर कम होने और गर्मी के फिर से तेज होने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button