Rajasthanराज्य

ईरान-इजरायल तनाव का असर: राजस्थान में तांबा, मेवा और कपड़ों के दाम बढ़े

Iran Israel Tension Impact : ईरान-इजरायल संघर्ष का असर अब बाजारों में साफ दिखने लगा है. तांबा, स्टील, एलुमीनियम और पीतल जैसी धातुओं की कीमतों में तेज उछाल आने से ग्राहकों की खरीदारी घट गई है. व्यापारी फिलहाल पुराने स्टॉक के सहारे काम चला रहे हैं, लेकिन बढ़ी हुई कीमतों के कारण ग्राहक खरीदने से बच रहे हैं. धातु, निर्माण, कपड़ा, ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कई सेक्टरों में 15 से 30 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ने से आम लोगों पर सीधा असर पड़ा है.

बता दें कि प्लास्टिक उद्योग पर इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर पड़ा है. प्लास्टिक से बने सामानों की कीमतों में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पानी की बोतल, बाल्टी, मग, टंकी, पॉलीथिन, पैकेजिंग सामग्री, पीवीसी पाइप और बिजली फिटिंग के सामान महंगे हो गए हैं. कच्चे माल की कमी के कारण पीवीसी पाइप के दाम में प्रति पाइप 30 से 40 रुपए तक की वृद्धि हुई है.

गद्दे-फोम और कपड़ों की कीमतों में उछाल

गद्दे और फोम के दाम भी बढ़ गए हैं. कारोबारियों के अनुसार इनमें लगभग 20 प्रतिशत की तेजी आई है, क्योंकि इनके निर्माण में पेट्रोकेमिकल का उपयोग होता है. वहीं पॉलिएस्टर धागे महंगे होने से रेडीमेड कपड़ों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है. आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी करीब 15 प्रतिशत तक महंगी हुई है.

बर्तन बाजार पर महंगाई की मार

कॉपर की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखा गया है. कॉपर वायर के एक बंडल पर 500 रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. बर्तन बाजार में स्टील, तांबा, पीतल और एलुमीनियम सभी महंगे हुए हैं. पीतल की परात की कीमत 700 रुपए से बढ़कर करीब 1000 रुपए तक पहुंच गई है. स्टील के बर्तनों में लगभग 30 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है, जबकि एलुमीनियम के बर्तन 240 रुपए प्रति किलो से बढ़कर करीब 440 रुपए प्रति किलो तक हो गए हैं.

चावल और मेवे महंगे

वहीं, खाद्य पदार्थों में भी असर देखने को मिला है. चावल और सूखे मेवे महंगे हुए हैं. मेवों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि खजूर करीब 20 प्रतिशत तक महंगा हो गया है. चावल की कीमतें भी गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग दर से बढ़ी हैं.

एलुमीनियम-440 रुपए किलो
पीतल-1100 रुपए से ज्यादा
तांबा-1500 से 1600 रुपए
स्टील रैलिंग-500 से 600 रुपए

ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Case : ऑनलाइन गेमिंग और अश्लील लत में डूबा आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button