Other Statesराज्य

जश्न बना मातम: शिमला में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान फायरिंग, महिला की मौत

Shimla Firing Incident : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने एक खुशहाल धार्मिक आयोजन को पल भर में मातम में बदल दिया. कुलगांव में रविवार रात आयोजित एक प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान लापरवाही भरी फायरिंग ने एक महिला की जान ले ली.

जानकारी के मुताबिक, देवता शालू महाराज के नए मंदिर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. माहौल उत्सव का था, लेकिन इसी बीच कुछ लोगों ने जोश में आकर हवाई फायरिंग शुरू कर दी. इसी दौरान एक गोली पास के जिगहा गांव की रहने वाली 26 वर्षीय रितिका बेतिया को जा लगी. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.

दो बच्चों की मां की दर्दनाक मौत

इस हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल अचानक गम में बदल गया. मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि रितिका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस व्यक्ति ने चलाई, क्योंकि कार्यक्रम में कई लोग हथियारों के साथ मौजूद थे. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

हथियारों के साथ नृत्य की पुरानी प्रथा

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह के धार्मिक आयोजनों में पारंपरिक रूप से देवलू हथियारों के साथ नृत्य करते हैं, जिसमें तलवारें और अन्य पारंपरिक अस्त्र शामिल होते हैं. हालांकि, कुछ लोग उत्साह में आकर फायरिंग जैसे खतरनाक कदम उठा लेते हैं, जो इस तरह की दुखद घटनाओं को जन्म देता है.

इस घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक है और लोग ऐसे आयोजनों में सुरक्षा और जिम्मेदारी बरतने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Case : ऑनलाइन गेमिंग और अश्लील लत में डूबा आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button