Uttar Pradesh

यूपी में 69 हजार शिक्षक भर्ती पर लखनऊ में प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश

UP News : उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले को लेकर बुधवार (22 अप्रैल) को लखनऊ में एक बार फिर अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा का घेराव करने पहुंचे, जहां प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने गले में झाड़ू और मटकी पहनकर विरोध जताया।

राज्य सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार दलित और पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखा रही है। उनका यह भी कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित इस मामले में राज्य सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की जा रही, जिससे केस की सुनवाई प्रभावित हो रही है।

अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया

प्रदर्शन को रोकने के लिए यूपी पुलिस ने विधानसभा घेराव करने पहुंचे अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें इको गार्डन भेज दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले तीन सालों से 69 हजार शिक्षक भर्ती में “आरक्षण महा घोटाले” के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।

तीन महीने के भीतर नई चयन सूची…

गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने फैसले में जून 2020 और जनवरी 2022 की चयन सूचियों को रद्द कर दिया था और सरकार को निर्देश दिया था कि 2019 की एटीआरई परीक्षा के आधार पर तीन महीने के भीतर नई चयन सूची जारी की जाए, लेकिन अब तक मामला लंबित है।

प्रदर्शनकारियों को किया हाउस अरेस्ट

अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, जिससे यह मुद्दा लगातार अटका हुआ है। उनका कहना है कि कई जिलों में प्रदर्शनकारियों को हाउस अरेस्ट भी किया जा रहा है। यह मामला करीब 19 हजार आरक्षित सीटों से जुड़ा है, जिस पर अभ्यर्थी पिछले 6 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- हरियाणा कैबिनेट का बड़ा फैसला, 27 अप्रैल को विशेष विधानसभा सत्र, ग्रुप-डी कर्मचारियों को प्रमोशन में राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button