Alwar Road Accident : राजस्थान के अलवर जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सुबह करीब 5 बजे इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
इस हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 यात्री घायल हो गए. घायलों में से 31 की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर के अस्पताल में रेफर किया गया है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा.
यात्रियों में अफरा-तफरी मची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे. अचानक जोरदार धमाके के साथ बस ट्रक से टकराई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग खून से लथपथ हालत में सीटों पर ही फंसे रह गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया.
तीनों शव मोर्चरी में रखवाए गए
इस हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक, उसकी पत्नी और बेटा शामिल हैं. तीनों के शवों को रैणी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया है. हादसे के समय बस में कुल 34 लोग सवार थे, जिनमें चालक का परिवार भी शामिल था.
सभी का प्राथमिक उपचार किया गया
घायलों को जब पिनान सीएचसी लाया गया तो वहां सीमित संसाधनों के बीच सिर्फ एक डॉक्टर मौजूद था, जिसने सभी का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायलों को बाद में अलवर रेफर किया गया.
इस दर्दनाक घटना में एक तीन साल की मासूम बच्ची ने अपने माता-पिता और भाई को खो दिया. हादसे में उसे मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक इलाज के बाद उसे राजगढ़ पुलिस की देखरेख में सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार को मिली बड़ी सफलता, पराली जलाने की घटनाओं में 94 प्रतिशत कमी पर मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









