Assembly Elections 2026 : आज देश के तीन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इन चुनावों को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें बड़े राजनीतिक गठबंधनों की ताकत की परीक्षा होनी है.
असम में मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपनी पार्टी के लिए लगातार तीसरी जीत की उम्मीद जता रहे हैं, जबकि गौरव गोगोई के नेतृत्व में विपक्ष सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रहा है. राज्य की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार मैदान में हैं और 2.5 करोड़ से ज्यादा मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे.
2.71 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला
वहीं, केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच सीधा मुकाबला है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ फिर से सत्ता में लौटने की कोशिश में है, वहीं बीजेपी राज्य में अपनी मौजूदगी मजबूत करने का प्रयास कर रही है. यहां 140 सीटों के लिए 883 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और करीब 2.71 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे. केरल में आमतौर पर हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज रहा है, जिसे एलडीएफ ने 2021 में तोड़ा था.
INDIA गठबंधन से सीधा मुकाबला
पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस-डीएमके के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन से मुकाबला कर रहा है. इस चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी मैदान में है, जो तीसरी ताकत के रूप में उभर सकती है. यहां 30 सीटों के लिए लगभग 9.5 लाख मतदाता वोटिंग कर रहे हैं.
4 मई 2026 को आएंगे चुनाव नतीजे
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिनमें पेयजल, पंखे, महिलाओं के लिए अलग बूथ और बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए सहायता शामिल है. अनुमान है कि आज तीन करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इन चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









