स्वास्थ्य

हार्ट फेल: कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के जानें आसान उपाय

Heart Disease : हार्ट फेल एक ऐसी स्थिति है, जिसमें दिल शरीर की जरूरत के अनुसार खून पंप करने में सक्षम नहीं रहता. इसका मतलब यह नहीं कि दिल पूरी तरह बंद हो गया है, बल्कि उसकी क्षमता कमजोर हो जाती है. यह समस्या धीरे-धीरे बढ़ती है और समय के साथ गंभीर रूप ले सकती है. हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा या पहले से दिल की बीमारी वाले लोग इसके ज्यादा जोखिम में होते हैं.

इसके अलावा गलत खानपान, धूम्रपान, ज्यादा तनाव और शारीरिक गतिविधि की कमी भी जोखिम बढ़ा सकती है. उम्र बढ़ने के साथ भी खतरा बढ़ता है, इसलिए बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. समय रहते पहचान कर इस स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. आइए जानते हैं हार्ट फेल के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय.

दिल की मांसपेशियों का कमजोर होना

राजीव गांधी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि हार्ट फेल होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. लंबे समय तक हाई ब्लड प्रेशर रहने से दिल पर दबाव बढ़ता है, जिससे इसकी क्षमता कम हो सकती है. दिल की मांसपेशियों का कमजोर होना, हार्ट अटैक के बाद दिल को नुकसान पहुंचना या वाल्व की समस्या भी इसके कारण बन सकते हैं.

हार्ट फेल के लक्षण और कारण

डायबिटीज और थायरॉइड जैसी बीमारियां भी दिल के काम को प्रभावित करती हैं. इसके अलावा धूम्रपान, शराब का अधिक सेवन, असंतुलित खानपान और व्यायाम की कमी भी जोखिम बढ़ाते हैं. यदि इन कारणों पर ध्यान न दिया जाए, तो धीरे-धीरे हार्ट फेल की स्थिति बन सकती है.

हार्ट फेल होने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. जैसे जल्दी थकान महसूस होना, चलते समय या सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना, पैरों और टखनों में सूजन आना, बार-बार खांसी या सांस फूलना.

हार्ट फेल के लक्षण और बचाव के उपाय

कुछ लोगों को दिल की धड़कन तेज या असामान्य महसूस हो सकती है. रात में लेटते समय सांस लेने में परेशानी होना भी संकेत हो सकता है. यदि ये लक्षण बार-बार दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

हार्ट फेल से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना सबसे जरूरी है. संतुलित आहार लेना, नमक और तैलीय चीजों का कम सेवन करना और नियमित व्यायाम करना दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है. धूम्रपान और शराब से दूर रहना भी जरूरी है.

तनाव और नींद से हार्ट फेल बचाव

इसके अलावा तनाव कम रखना और पर्याप्त नींद लेना भी दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है. समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करना, हार्ट फेल के खतरे को कम करने में मदद करता है.

ये भी पढ़ें – डायलिसिस से लेकर कैंसर के इलाज तक, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना ने 2 लाख परिवारों को आर्थिक बर्बादी से बचाया: बलबीर सिंह

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button