Punjab University Firing Case : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंड़ा पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल मुख्य शूटर को .32 बोर की देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी।
डॉनी बल्ल/बंबीहा गैंग का अहम सदस्य
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस निवासी खेड़ी नौध सिंह, कोटला मसूद, फतेहगढ़ साहिब के रूप में हुई है। पिस्तौल के अलावा पुलिस टीमों ने एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे भी बरामद किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डॉनी बल्ल/बंबीहा गैंग का एक अहम सदस्य है। उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला गैंग के इशारे पर किया गया था।
मामले की आगानी जांच तेज
डीजीपी ने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि एजीटीएफ पंजाब के इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह और एसआई अमनदीप सिंह की समर्पित टीम द्वारा एएसआई हरभजन सिंह (जिला क्राइम सेल) और एएसआई प्रदीप सिंह (एजीटीएफ चंडीगढ़) सहित घटना वाले दिन से ही चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब और अमलोह क्षेत्र में लगातार सुरागों की जांच की जा रही थी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
एडीजीपी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आरोपी को अमलोह-पातड़ा रोड पर रोका गया, जहां उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी घायल हो गया और उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।
बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में एफआईआर नंबर 72 दिनांक 26-03-2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 132 और 221 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत थाना अमलोह, जिला फतेहगढ़ साहिब में दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- Punjab News : अंतर-राज्यीय हथियार सप्लाई का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 10 पिस्तौल बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









