
Rajasthan News : राजस्थान के नागौर जिले से लालच में क्रूरता की हदें पार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हमले में पहले महिला का सिर धड़ से अलग किया, फिर उसके पैरों के दोनों पंजे भी अलग कर दिए। उसके बाद शव के टुकड़े को प्लास्टिक में भरकर जंगल में फेंक दिया।
झाड़ियों में मिला सुराग, हत्या का खुलासा; आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के अनुसार, यह मामला 15 मार्च का है जब मृतका पशुओं के लिए सूखा चारा खरीदने के लिए आरोपित के घर पहुंची थी। उसी दौरान आरोपी की नजर महिला के गले में पहनी सोने की चेन और अन्य कीमती जेवरात पर पड़ी, जिनकी कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। इसी लालच में आरोपी की नीयत बदल गई और उसने महिला पर हमला कर दिया।
झाड़ियों में मिले कट्टों से खुला मामला
16 मार्च को गांव के बाहर झाड़ियों में कुछ प्लास्टिक के कट्टे पड़े होने की सूचना मिली, जिन्हें कुत्ते नोच रहे थे। राहगीरों ने यह दृश्य देखकर पुलिस को जानकारी दी। इसी बीच मृतका के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिससे पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका के शरीर से निकाले गए करीब सात लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी बरामद कर लिए।
घटना के समय पत्नी भी थी मौजूद
जांच में एक और अहम बात सामने आई है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त आरोपी की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
ये भी पढ़ें – अहमदाबाद में नकली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, प्रदीप गुरुजी समेत 7 गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









